हरियाणा में वर्षा एवं ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त फसलों के लिए मुआवजा

31-Dec-2024 11:21 AM

चंडीगढ़ । हरियाणा सरकार ने बेमौसमी भारी वर्षा एवं ओलावृष्टि से रबी फसलों को हुए नुकसान के एवज में किसानों को समुचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा है कि कृषक समुदाय को चिंता करने की जरूरत नहीं हैं क्योंकि परेशान किसानों को सरकार की ओर से मुआवजा दिया जाएगा और ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर शीघ्र ही वे मुआवजे के लिए दावा कर सकेंगे। इससे किसानों को राहत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले दो-तीन दिनों के दौरान हरियाणा के अनेक जिलों में हुई वर्षा से रबी फसलों को लाभ भी हुआ है लेकिन कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि का प्रकोप रहने से फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं या उसे नुकसान पहुंचने की प्रबल आशंका है। इन क्षेत्रों में किसान चिंतित और परेशान हैं।

उन्होंने सरकार से क्षतिपूर्ति की मांग की थी जिस पर मुख्यमंत्री का सकारात्मक आश्वासन सामने आया है। ध्यान देने की बात है कि रबी सीजन के दौरान हरियाणा में खासकर गेहूं एवं सरसों की खेती बड़े पैमाने पर होती है जबकि कई अन्य फसलों का उत्पादन भी होता है। राज्य में फसलों की बिजाई समाप्त हो चुकी है। 

मुख्यमंत्री ने पिछले दिन कहा था कि बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को कुछ इलाकों में नुकसान होने की खबर मिली है। राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और शीघ्र ही ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल को खोल दिया जाएगा। 

समझा जाता है कि इस प्राकृतिक आपदा से हरियाणा के कुछ जिलों में दलहन एवं तिलहन फसलों के साथ-साथ सब्जियों को भी काफी क्षति हुई है।

सर्वाधिक नुकसान सरसों की फसल को होने की आशंका है। हरियाणा के कुल 22 जिलों में से 11-12 जिलों में वर्षा एवं ओलावृष्टि के प्रकोप से रबी फसलों को क्षति होने की सूचना मिल रही है जिसमें हिसार, फतेहाबाद, जींद, भिवानी, रोहतक, रेवाड़ी, सिरसा एवं झज्जर आदि जिले शामिल हैं।