इसबगोल - घटने का डर नहीं
09-Dec-2025 05:51 PM
नई दिल्ली। वर्तमान में इसबगोल के भाव मजबूती के साथ बोले जा रहे हैं। प्रमुख उत्पादक राज्य राजस्थान में इसबगोल की बिजाई गत वर्ष की तुलना में 50 प्रतिशत ही होने के समाचारों से इसबगोल के दामों में 10/15 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा रही है। वर्तमान में मंडियों में इसबगोल के भाव बढ़कर 110/132 रुपए प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गये हैं। जोकि नवम्बर माह में 98/115 रुपए रुपए किलो बोले जा रहे थे। सूत्रों का मानना है कि उत्पादक केन्द्रों पर देर तक बारिश होने के कारण इसबगोल की बिजाई में विलम्ब भी हुआ है। जिस कारण नए माल की आवक अप्रैल माह में शुरू होगी। आमतौर पर मार्च माह में आवक शुरू हो जाती थी। सूत्रों का मानना है कि आगामी दिनों में इसबगोल के दामों में 5/10 रुपए प्रति किलो की और तेजी संभव है।
