इथोपिया के एक्सचेंज में दलहन-तिलहन में सिर्फ भुगतान की प्रणाली लागू

04-Dec-2025 08:51 PM

अदीस अबाबा। अफ्रीकी देश- इथोपिया के व्यापार मंत्रालय द्वारा एक दिशा- निर्देश जारी किया गया है जिसके तहत देश से दलहनों एवं तिलहनों के निर्यात की प्रणाली (सिस्टम) में एक महत्वपूर्ण बदलाव कर दिया गया है।

नए नियम के अनुसार दलहन-तिलहन के सभी निर्यातकों को अब केवल इथोपियन कॉमोडिटी एक्सचेंज (ईसीएक्स) के माध्यम से ही भुगतान प्राप्त करना आवश्यक होगा।

पहले भुगतान की प्रक्रिया निर्यातकों एवं सप्लायर्स के बीच सीधे बैंक ट्रांसफर के जरिए संचालित होती थी लेकिन अब इसे समाप्त कर दिया है और अब केवल ईसीएक्स के माध्यम से भुगतान लेना अनिवार्य होगा। 

व्यापार मंत्रालय का कहना है कि इस नए दिशा-निर्देश से कारोबार में पारदर्शिता आएगी और विदेशी मुद्रा में उपार्जन को संरक्षित रखने में सहायता मिलेगी।

पिछले वित्त वर्ष के दौरान इथोपिया को दलहन-तिलहन के निर्यात से 61 करोड़ डॉलर की आमदनी हुई थी जो उसके कुल निर्यात राजस्व 8.30 अरब डॉलर का 7.35 प्रतिशत थी। मंत्रालय के अनुसार पिछले नियम में टैक्स चोरी की आशंका रहती थी जबकि नए नियम में ऐसा करना कठिन हो जाएगा।