जनवरी में वैज तथा नॉन-वैज खाने का खर्च घटा
13-Feb-2026 02:35 PM
नई दिल्ली। एक अग्रणी रेटिंग एजेंसी ने कहा है कि आलू, प्याज एवं दालों की कीमतों में गिरावट आने के कारण जनवरी 2026 में शाकाहारी थाली (खाना) तथा नॉन वैज थाली का खर्च दिसम्बर 2025 एवं जनवरी 2025 की तुलना में कुछ घट गया।
शाकाहारी खाने की थाली का औसत खर्च जनवरी 2026 में गिरकर 28.50 रुपए रह गया जो दिसम्बर की तुलना में 2 प्रतिशत तथा जनवरी 2025 के मुकाबले 1 प्रतिशत कम रहा। इसी तरह नॉन वैज थाली का खर्च जनवरी 2025 की तुलना में 7 प्रतिशत तथा दिसम्बर 2025 के मुकाबले 3 प्रतिशत घटकर जनवरी 2026 में 56.40 रुपए रह गया।
शाकाहारी खाने की थाली का खर्च घटने का प्रमुख कारण दालों तथा आलू-प्याज का कुछ सस्ता होना रहा लेकिन टमाटर का भाव ऊंचा होने से कुल खर्च में ज्यादा कमी नहीं आ सकी। मंडियों में आवक सीमित होने तथा मांग मजबूत रहने से टमाटर का दाम 50 प्रतिशत उछलकर 46 रुपए प्रति किलो (औसत मूल्य) पर पहुंच गया जो जनवरी 2025 में 31 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया था। लेकिन यह दिसम्बर से 9 प्रतिशत नीचे रहा।
जहां तक दालों की बात है तो जनवरी 2025 की तुलना में जनवरी 2026 के दौरान इसके दाम में 14 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। विदेशों से भारी आयात होने के कारण घरेलू प्रभाग में दलहनों की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ गई।
वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान पीली मटर के आयात में 85 प्रतिशत, उड़द के आयात में 31 प्रतिशत तथा देसी चना के आयात में 9 गुणा की जबरदस्त बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इसका आयातित दलहनों का अच्छा-खासा स्टॉक बाद में मौजूद रहा। वित्त वर्ष 2025-26 में आयात अपेक्षाकृत कम हो रहा है मगर पिछले ऊंचे स्टॉक के कारण आपूर्ति की स्थिति सुगम बनी रही।
