एनसीडीईएक्स में अगले महीने से कालीमिर्च में वायदा कारोबार संभव

24-Apr-2026 04:51 PM

मुम्बई। राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न जिंसों में वायदा कारोबार संचालित करने वाले एक अग्रणी एक्सचेंज- नेशनल कॉमोडिटी एंड डेरीवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) के प्लेटफार्म पर मई 2026 से कालीमिर्च में वायदा अनुबंध आरंभ होने की उम्मीद है।

जानकार सूत्रों के अनुसार एक्सचेंज को हाल ही में बाजार नियामक संस्था- भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय  बोर्ड (सेबी) से कालीमिर्च में वायदा अनुबंध शुरू करने की अनुमति मिल गई है। 

शुरुआती अनुबंध एक माह के लिए होने की संभावना है जो जून में समाप्त (एक्सपायर) होगा। कालीमिर्च की डिलीवरी का सेंटर केरल के कोच्चि में होगा और इसके अनुबंध के तहत कालीमिर्च की डिलीवरी देना अनिवार्य होगा।

हालांकि एक्सचेंज प्रबंधन ने इस सम्बन्ध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि वायदा अनुबंध का रास्ता साफ हो गया है। 

उल्लेखनीय है कि दिसम्बर 2025 में एक्सचेंज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने कहा था कि वर्ष 2026 में कालीमिर्च में वायदा कारोबार शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।

कॉमोडिटी एक्सचेंजों में पहले कालीमिर्च में वायदा कारोबार हो रहा था मगर बाद में कुछ कानूनी एवं नियामक मामला उत्पन्न होने से इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया।