खाद्यान्न के वैश्विक उत्पादन अनुमान में 30 लाख टन की कटौती

24-Apr-2026 05:40 PM

लंदन। इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल (आईजीसी) ने अपनी नई रिपोर्ट में 2026-27 सीजन के दौरान 2.41 अरब टन खाद्यान्न के वैश्विक उत्पादन की संभावना व्यक्त की है जो मार्च में लगाए गए अनुमान से 30 लाख टन कम है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि गेहूं तथा मक्का सहित सभी प्रमुख जिंसों के उत्पादन में थोड़ी-बहुत गिरावट आ सकती है क्योंकि पश्चिम एशिया में संकट के कारण रासायनिक उर्वरकों का स्टॉक एवं उपयोग कई देशों में घट सकता है।

इसके साथ-साथ कुछ देशों में फसलों की खेती के परिदृश्य में बदलाव भी संभव है। दक्षिणी गोलार्द्ध के देशों में इसका ज्यादा प्रभाव रहने की संभावना  है। यह देखना भी आवश्यक है कि इस वर्ष अल नीनो मौसम चक्र की तीव्रता एवं क्रियाशीलता कैसी रहती है। 

आईजीसी की रिपोर्ट के अनुसार कुछ प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद इस वर्ष (2026-27 में) खाद्यान्न का कुल वैश्विक उत्पादन अब तक के दूसरे सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच सकता है।

उत्तरी अमरीका एवं यूरोप में विभिन्न फसलों की बिजाई का सीजन आरंभ हो गया है जबकि दक्षिण एशिया में गेहूं सहित अन्य फसलों की कटाई का सीजन अभी जारी है।