मक्का का वैश्विक उत्पादन 1.30 अरब टन होने की संभावना

24-Apr-2026 07:01 PM

मुम्बई। इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल ने 2026-27 सीजन के दौरान विश्व स्तर पर मक्का का कुल उत्पादन 1.30 अरब टन होने की संभावना व्यक्त की है जो पिछले माह के अनुमान से 30 लाख टन कम है।

दूसरी ओर इसके उपयोग का अनुमान 1.32 अरब टन के पिछले स्तर पर ही बरकरार रखा गया है। मक्का के वैश्विक कारोबार का अनुमान 19.80 करोड़ टन से 10 लाख टन बढ़ाकर 19.90 करोड़ टन नियत किया गया है।

कौंसिल ने 2025-26 सीजन के लिए मक्का के उत्पादन का अनुमान 40 लाख टन बढ़ाकर 1.32 अरब टन निर्धारित किया है और अर्जेन्टीना में बेहतर उत्पादन को इसका कारण बताया है।

मक्का के तीन शीर्ष उत्पादक देशों में अमरीका, चीन एवं ब्राजील शामिल हैं जबकि अमरीका, ब्राजील एवं अर्जेन्टीना इसके प्रमुख निर्यातक देश हैं। इसके अलावा भारत तथा यूक्रेन सहित कई अन्य देशों में भी मक्का का अच्छा उत्पादन होता है। यूक्रेन, रूस तथा कनाडा से इसका निर्यात भी किया जाता है।