ब्राजील से खाड़ी क्षेत्र के देशों में चीनी एवं मक्का का निर्यात प्रभावित

24-Apr-2026 04:10 PM

साओ पाउलो। पश्चिम एशिया में ईरान तथा अमरीका के बीच मार्च 2026 में भीषण संग्राम हुआ और फिर होर्मुज स्ट्रेट का जलमार्ग बंद हो गया। इसके फलस्वरूप खाड़ी क्षेत्र के देशों में ब्राजील का निर्यात बुरी तरह प्रभावित हुआ और उसमें 31 प्रतिशत की भारी गिरावट आ गई। इसके तहत खासकर चीनी एवं मक्का का निर्यात काफी घट गया।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व एवं फारस की खाड़ी (पर्शियन गल्फ) में अवस्थित देशों- संयुक्त  अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत, ओमान एवं कतर आदि में मार्च 2025 के मुकाबले मार्च 2026 के दौरान ब्राजील से कुल निर्यात 31.47 प्रतिशत घटकर 53.711 करोड़ डॉलर पर सिमट गया।

इसके बावजूद मार्च के दौरान ब्राजील के विदेश व्यापार संतुलन की स्थिति घनात्मक रही और उसमें 4.14 करोड़ डॉलर का अधिशेष दर्ज किया गया। दिलचस्प तथ्य यह है कि इस अवधि के दौरान ब्राजील में विदेशों से आयात भी 113 प्रतिशत बढ़ गया। 

जनवरी-मार्च 2026 की तिमाही के दौरान ब्राजील से कुल निर्यात 8.14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2.41 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस अवधि के दौरान ब्राजील से यद्यपि चीनी तथा मक्का के निर्यात में भारी गिरावट दर्ज की गई लेकिन अन्य उत्पादों के शिपमेंट में हुई जोरदार वृद्धि न केवल उसकी भरपाई आसानी से हो गई बल्कि कुल निर्यात आय में करीब 1 अरब डॉलर का अधिशेष भी हो गया। 

मार्च में चीनी का निर्यात 43.37 प्रतिशत घटकर 540.70 लाख डॉलर पर अटक गया जबकि खाड़ी क्षेत्र के देशों में मक्का का निर्यात लगभग ठप्प पड़ गया।

ब्राजील से इस क्षेत्र में 46.2 प्रतिशत निर्यात सऊदी अरब को तथा 38.5 प्रतिशत का निर्यात संयुक्त अरब अमरीका को किया गया जिसके मुकाबले अन्य देशों में निर्यात कम होता है।