कालीमिर्च - अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भाव बढ़ने से कालीमिर्च तेज

11-Jun-2024 06:54 PM

नई दिल्ली । आज कालीमिर्च की कीमतों में तेजी रही। हलांकि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण कालीमिर्च का हाजिर व्यापार ठप्प हो गया है। बढ़े भावों पर न लिवाल है और न ही बिकवाल है।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भाव बढ़ने के कारण भारतीय बाजारों में भी कालीमिर्च के भाव तेजी के साथ बोले जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि वियतनाम में पैदावार कम होने के कारण वियतनाम से कालीमिर्च का दाम दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह वियतनाम में कालीमिर्च का भाव 6500/6700 डॉलर एवं ब्राजील का भाव 7700 डॉलर प्रति टन बोला जा रहा था।

जबकि आज वियतनाम का भाव 7800/8000 डॉलर एवं ब्राजील का 8500 डॉलर प्रति टन बोला जा रहा है। आयात पड़तल महंगी होने एवं लोकल में बिकवाली रुकने से आज भारतीय बाजारों में भी कालीमिर्च के भाव 70/80 रुपए प्रति किलो तक बढ़ाकर बोले गए। सूत्रों का कहना है कि कालीमिर्च का बाजार वियतनाम पर निर्भर है।

अगर वियतनाम में भाव बढ़ते है तो भारतीय बाजारों में भी भाव बढ़ेंगे अगर भाव गिरते हैं तो भारतीय बाजारों में भी कीमतें घट जाएगी। हालांकि चालू सीजन के दौरान देश में कालीमिर्च की पैदावार अधिक हुई है लेकिन विदेशों में उत्पादन कम होने के समाचार है। जिस कारण कीमतों में अधिक मंदा संभव नहीं है।