कम आवक एवं मजबूत मांग से गुड़ का भाव तेज

25-Feb-2025 08:34 PM

मुजफ्फरनगर। आवक सीमित होने तथा मांग मजबूत रहने से हाल के दिनों में गुड़ के दाम में 200 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी हुई है और निकट भविष्य में इसमें गिरावट आने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। फरवरी माह के दौरान उत्तर प्रदेश में गुड़ की आपूर्ति कम हुई जबकि मांग मजबूत बनी रही।

इसके फलस्वरूप दाम भी 100-200 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया। पिछले दिन गुड़ पैडी का भाव 3800/3900 रुपए प्रति क्विंटल, ढैया 3900/4000 रुपए दर्ज किया गया। चांदपुर मार्केट में गुड़ लड्डू का दाम 100 रुपए सुधरकर 3500/3550 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।

हापुड़ मंडी में गुड़ बाल्टी का मूल्य 1300/1350 रुपए से कुछ गिरकर 1280/1320 रुपए प्रति मन (40 किलो) पर आ गया।

मुरादनगर में पैडी गुड़ का भाव पहले उछलकर 4250 रुपए प्रति क्विंटल की ऊंचाई पर पहुंचा था और बाद में लुढ़कते हुए 3100 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। वर्तमान समय में यह सुधरकर 3600 रुपए पर पहुंचा है। 

उत्तर प्रदेश में कोल्हुओं तथा क्रशिंग इकाइयों पर गन्ना का भाव 360-370 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है। गन्ना की कीमतों में हुई वृद्धि के कारण गुड़ का लागत खर्च बढ़ गया है। 

मुजफ्फरनगर मंडी में पिछले दिन गुड़ का भाव चाकू के लिए 1360/1510 रुपए प्रति 40 किलो, लड्डू के लिए 1380/1430 रुपए, रसकट का 1250/1265 रुपए प्रति 40 किलो दर्ज किया गया।

रसकट गुड़ में अल्कोहल निर्माताओं की मांग मजबूत बनी हुई है। मुजफ्फरनगर मंडी में औसतन करीब 7000 कट्टे गुड़ की दैनिक आवक हो रही है। वहां गुड़ का वर्तमान स्टॉक 4,00,619 कट्टा बताया जा रहा है जो गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में कम है। 

उधर मुम्बई मार्केट में मांग मजबूत रहने से गुड़ का भाव 200 रुपए बढ़कर 5000/5500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 

स्टॉकिस्टों की बढ़ती मांग को देखते हुए गुड़ का भाव आगामी समय में कुछ और तेज होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है जबकि नरमी की संभावना बहुत कम है। आगे कीमतों में तेजी की चाल शुरू होने से पूर्व गुड़ का बाजार कुछ समय के लिए स्थिर हो सकता है।