कम उत्पादन के बावजूद चीनी का बकाया स्टॉक बढ़ने की उम्मीद
08-Nov-2024 12:14 PM
नई दिल्ली। शीर्ष उद्योग संस्था - इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मेन्युफेक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने कहा है कि 2023-24 की तुलना में 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान चीनी का कुल घरेलू उत्पादन 340.64 लाख टन से घटकर 333 लाख टन पर सिमट सकता है जबकि एथनोल निर्माण में इसका उपयोग 21 लाख टन से बढ़कर 40 लाख टन पर पहुँचने के आसार हैं लेकिन इसके बावजूद मार्केटिंग सीजन के अंत में चीनी का बकाया अधिशेष स्टॉक 3 लाख टन बढ़ने की उम्मीद है।
इस्मा की रिपोर्ट के मुताबिक चालू मार्केटिंग सीजन के आरम्भ में उद्योग के पास 84.79 लाख टन चीनी का स्टॉक मौजूद था जबकि 333 लाख टन के उत्पादन के साथ इसकी कुल उपलब्धता 417.79 लाख टन पर पहुंचेगी। इसमें 290 लाख टन चीनी का घरेलू उपयोग होगा और 40 लाख टन का इस्तमाल एथनोल निर्माण के लिए होने का अनुमान है। इस तरह कुल 330 लाख टन की चीनी की खपत होगी जबकि इसका उत्पादन इससे 3 लाख टन ज्यादा यानी 333 लाख टन होगा। यह 3 लाख टन का उत्पादन बकाया अधिशेष स्टॉक में जुड़ेगा और इसलिए 2024-25 सीजन के अंत में चीनी का कुल स्टॉक बढ़कर 87.79 लाख टन पर पहुंच जाएगा।
इस्मा के अनुसार पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर गन्ना के बिजाई क्षेत्र में कुछ गिरावट आई है और महाराष्ट्र सहित कुछ राज्यों में फसल को भारी वर्षा एवं बाढ़ से नुकसान भी हुआ है। लेकिन बची हुई फसल के गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर बेहतर होने की उम्मीद है इसलिए कुल उत्पादन में सीमित गिरावट आएगी।
