कनाडा में काबुली चना का उत्पादन 15 प्रतिशत बढ़कर 3.31 लाख टन पर पहुंचा
28-Nov-2025 11:20 AM
रेगिना। बिजाई क्षेत्रफल औसत उपज दर में बढ़ोत्तरी होने से कनाडा में काबुली चना का उत्पादन 2024-25 सीजन के मुकाबले 2025-26 के वर्तमान सीजन में 15 प्रतिशत बढ़कर 3.31 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। फसल की कटाई-तैयारी पहले ही पूरी हो चुकी है।
कृषि विभाग के मुताबिक पिछले साल की तुलना में इस बार काबुली एवं देसी- दोनों किस्मों के चना का उत्पादन बढ़ा है। ऊंचे बकाया स्टॉक के कारण चना की कुल उपलब्धता में 21 प्रतिशत का इजाफा होने का अनुमान है।
कृषि मंत्रालय ने चालू मार्केटिंग सीजन (अगस्त 2025- जुलाई - 2026) के दौरान कनाडा से 2 लाख टन काबुली चना का निर्यात होने की संभावना व्यक्त की है।
अमरीका तथा यूरोपीय संघ कनाडाई काबुली चना के दो शीर्ष खरीदार बने हुए हैं जबकि कुछ अन्य बाजारों में भी इसका निर्यात हो रहा है।
कनाडा में घरेलू खपत कम होती है इसलिए काबुली चना के अंतिम बकाया स्टॉक में भारी-बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है जिससे इसकी कीमतों पर दबाव रह सकता है काबुली चना का औसत मूल्य 600 डॉलर प्रति टन रहने का अनुमान लगाया गया है जो पिछले सीजन से काफी नीचे है।
इसका पहला कारण यह है कि भारत, मैक्सिको अमरीका तथा अर्जेन्टीना जैसे देशों से कनाडा को वैश्विक निर्यात बाजार में कठिन चुनौती मिलेगी और दूसरा कारण यह है कि इस बार स्वयं कनाडा में खराब मौसम के कारण काबुली चना की क्वालिटी काफी हद तक प्रभावित हुई है।
उधर अमरीका में इस वर्ष 2.20 लाख हेक्टेयर (5.40 लाख एकड़) में चना की बिजाई हुई जो गत वर्ष से 8 प्रतिशत अधिक रही।
ऊंची औसत उपज दर के कारण वहां कुल उत्पादन 32 प्रतिशत उछलकर 2.34 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है। इससे वह काबुली चना का बेहतर निर्यात करने की स्थिति में पहुंच गया है।
