प्रमुख दलहनों का थोक मंडी भाव एमएसपी से नीचे

05-May-2026 01:51 PM

नई दिल्ली। सुस्त कारोबार, अच्छी उपलब्धता एवं कमजोर मांग के कारण चना, तुवर, उड़द एवं मसूर जैसे प्रमुख दलहनों का थोक मंडी भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से 4 से 14 प्रतिशत तक नीचे आ गया है। मूंग का दाम भी एमएसपी से नीचे है। यद्यपि सरकार मूल्य समर्थन योजना के माध्यम से बाजार में हस्तक्षेप करते हुए एमएसपी पर तुवर, चना एवं मसूर की खरीद कर रही है लेकिन फिर भी कीमतों में अपेक्षित तेजी नहीं आ रही है। 

दलहनों के सम्पूर्ण घरेलू उत्पादन में लगभग 50 प्रतिशत का योगदान देने वाले चना का औसत थोक मंडी भाव फिलहाल  5200 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास चल रहा है जो न्यूनतम समर्थन मूल्य 5875 रुपए प्रति क्विंटल से काफी पीछे है।

इसी तरह तुवर का दाम भी एमएसपी से करीब 6 प्रतिशत नीचे है। मसूर का एमएसपी 7000 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द का 7800 रुपए प्रति क्विंटल, तुवर का 8000 रुपए प्रति क्विंटल एवं मूंग का 8768 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है। थोक मंडी में मसूर का भाव 6200 रुपए प्रति क्विंटल और उड़द का भाव 7500 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है जो एमएसपी की तुलना में क्रमश: 11 प्रतिशत एवं 4 प्रतिशत नीचे है।

व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक चना तथा मसूर के नए माल की आपूर्ति का अभी पीक सीजन चल रहा है जबकि इसकी मांग कमजोर देखी जा रही है। एमएसपी एक स्थिर बेंचमार्क स्तर है जबकि दलहनों का थोक मंडी भाव क्वालिटी एवं खरीद की वास्तविक अवधि के अनुरूप घटता-बढ़ता रहता है। ऐसा प्रतीत होता है कि दलहनों की कीमतों में यह नरमी चक्रीय है और आपूर्ति का दबाव घटने पर इसमें मजबूती आ सकती है।

ग्रीष्मकालीन महीनों में आमतौर पर दलहनों  की मांग कमजोर पड़ जाती है। इसकी कीमतों में आगे तेजी-मंदी का रुख मानसून के प्रदर्शन पर निर्भर रहेगा। इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून कमजोर रहने की संभावना है जिससे दलहनों का उत्पादन आंशिक रूप से प्रभावित हो सकता है। दलहन बाजार में इससे तेजी आ सकती है।