जौ-ज्वार का भाव एमएसपी से ऊपर-बाजरा एवं मक्का का नीचे

05-May-2026 03:52 PM

नई दिल्ली। मोटे अनाजों के संवर्ग में जौ तथा हाइब्रिड ज्वार का थोक मंडी भाव जो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से ऊंचा चल रहा है लेकिन बाजरा और मक्का का दाम नीचे आ गया है। 2025-26 के मार्केटिंग सीजन हेतु सरकार ने जौ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2150 रुपए प्रति क्विंटल, हाइब्रिड ज्वार का 3699 रुपए प्रति क्विंटल, बाजरा का 2775 रुपए प्रति क्विंटल तथा मक्का का समर्थन मूल्य 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। 

उत्तर प्रदेश की जहांगीराबाद मंडी में जौ का भाव 2500 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है जो एमएसपी से 350 रुपए ज्यादा है। इसी तरह महाराष्ट्र की जालना मंडी में हाइब्रिड ज्वार का दाम एमएसपी से 801 रुपए ऊंचा यानी 4500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया है। 

दूसरी ओर बाजरा का भाव मध्य प्रदेश की शिवनी मंडी में घटकर 2100 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया है जो एमएसपी से 675 रुपए कम है। इसी तरह मक्का का दाम महाराष्ट्र की सांगली मंडी में एमएसपी की तुलना में 265 रुपए नीचे यानी 2135 रुपए प्रति क्विंटल रह गया है। 

मक्का एवं बाजरा में आपूर्ति एवं उपलब्धता की तुलना में मांग कुछ कमजोर देखी जा रही है। वैसे हाल के दिनों में मक्का  के दाम में कुछ सुधार आया है लेकिन जब तक जोरदार औद्योगिक मांग नहीं निकलेगी तब तक बाजार तेज नहीं हो पाएगा। बिहार सहित कई अन्य राज्यों में रबी कालीन मक्का के नए माल की आवक बढ़ने लगी है।