कनाडा में शानदार उत्पादन होने से काबुली चना का स्टॉक बढ़ा
12-Dec-2025 07:56 PM
वैंकुवर। बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी होने तथा औसत उपज दर ऊंची रहने से कनाडा में काबुली चना का शानदार उत्पादन होने का अनुमान लगाया गया है।
सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 के दौरान कनाडा में 2.87 लाख टन चना का उत्पादन हुआ था जबकि चालू वर्ष (2025) का उत्पादन 68 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोत्तरी के साथ 4.82 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने की संभावना है। फसल की कटाई-तैयारी पहले ही समाप्त हो चुकी है और अब मंडियों में इसका जोरदार कारोबार हो रहा है।
लेकिन उत्पादकों के साथ एक गंभीर समस्या देखी जा रही है। दरअसल कनाडा के महत्वपूर्ण उत्पादक इलाकों में फसल की कटाई-तैयारी के दौरान बेमौसमी वर्षा होने लगी। इससे उत्पादन पर तो ज्यादा असर नहीं पड़ा लेकिन काबुली चना के दाने की क्वालिटी बुरी तरह प्रभावित हो गई।
इसके फलस्वरूप उत्पादकों को अच्छे दाने वाले स्टॉक में से हल्की क्वालिटी वाले छोटे दाने को छांटने के लिए बड़ी मशक्क्त करनी पड़ रही है। मिश्रित दाने की लिवाली में खरीदार कम दिलचस्पी दिखाते हैं और उसका दाम भी ऊंचा नहीं होता है।
मोटे अनुमान के अनुसार इस वर्ष दाने की छंटाई के बाद जो परिदृश्य सामने आया है उससे पता चलता है कि केवल 52 प्रतिशत काबुली चना का स्टॉक नंबर 1 सीडब्ल्यू एवं नंबर 2 सी डब्ल्यू श्रेणी का है जबकि शेष स्टॉक नंबर 3 सी डब्ल्यू संवर्ग या सैम्पल ग्रेड का आंका गया है।
सैम्पल ग्रेड का माल हल्का होता है जबकि नंबर 3 सी डब्ल्यू ग्रेड के माल को भी कमजोर क्वालिटी का माना जाता है और इसका उपयोग मुख्यतः पशु आहार उद्देश्य में होता है क्योंकि इसकी कीमत अपेक्षाकृत नीचे रहती है।
शानदार उत्पादन होने से कनाडा में काबुली चना की कुल आपूर्ति-उपलब्धता में तो अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है लेकिन इसके निर्यात योग्य स्टॉक में ज्यादा इजाफा होने में संदेह है।
पश्चिमी कनाडा में नंबर 2 क्वालिटी के बड़े दाने वाले काबुली चना का एफओबी फार्म मूल्य कुछ नरम पड़कर 27 सेंट प्रति पौंड के आसपास आ गया है।
दाने के आकार एवं उसकी क्वालिटी के आधार पर कीमतों का वर्गीकरण हो रहा है। उधर ऑस्ट्रेलिया में चना का कुल उत्पादन 21 लाख टन होने का अनुमान लगाया गया है जो 2024 के रिकॉर्ड उत्पादन से कुछ कम होने के बावजूद बहुत ऊंचा स्तर है। ऑस्ट्रेलिया में मुख्यतः देसी चना का उत्पादन होता है।
