कनाडाई लाल मसूर के उत्पादन एवं निर्यात में गिरावट आने का अनुमान
04-Jun-2025 05:14 PM
वैंकुवर। उद्योग- व्यापार क्षेत्र के विश्लेषकों ने कनाडा में लाल मसूर का उत्पादन 2024-25 सीजन के 17.30 लाख टन से घटकर 2025-26 के सीजन में 15.40 लाख टन पर अटक जाने का अनुमान लगाते हुए इसका निर्यात भी 5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 13.30 लाख टन पर सिमटने की संभावना व्यक्त की है।
समीक्षक के अनुसार 15.40 लाख टन का अनुमानित उत्पादन न तो बहुत छोटा है और न ही बहुत बड़ा। मई के अंत तक वहां मौसम की हालत अनुकूल थी लेकिन अब सूखे का संकेत मिलने लगा है। लाल मसूर का बिजाई क्षेत्र 1 प्रतिशत सुधरकर 26 लाख एकड़ पर पहुंच जाने का अनुमान है।
एक व्यापार विश्लेषक के अनुसार लाल मसूर के उत्पादन के संदर्भ में बिजाई क्षेत्र से ज्यादा महत्वपूर्ण मौसम का अनुकूल रहना होता है। हाल के वर्षों में कनाडा में प्रतिकूल मौसम के कारण उत्पादन में उम्मीद के अनुरूप बढ़ोत्तरी नहीं हो सकी।
उधर काला सागर क्षेत्र में रूस तथा कजाकिस्तान में मसूर के बिजाई क्षेत्र में वृद्धि हुई है और इन दोनों देशों में संयुक्त उत्पादन 8 लाख टन तक पहुंच सकता है जो पिछले साल के उत्पादन लगभग 6 लाख टन से करीब 2 लाख टन ज्यादा है। मसूर के इस कुल उत्पादन में लाल तथा हरी किस्मों की भागीदारी 50-50 प्रतिशत रह सकती है।
तुर्किए में 4 लाख टन लाल मसूर के उत्पादन का अनुमान लगाया गया है जबकि तुर्किश सांख्यिकी संस्थान ने 3.40 लाख टन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की है जो पिछले साल के उत्पादन से 16 प्रतिशत कम है।
तुर्किए मसूर का आयात भी करता है और निर्यात भी। वहां नई फसल की आवक हो रही है जबकि कनाडा-ऑस्ट्रेलिया में बिजाई समाप्त होने वाली है।
