केन्द्रीय बफर स्टॉक के लिए 27 लाख टन चना खरीदने की संभावना
21-Mar-2025 12:51 PM
नई दिल्ली । केन्द्र सरकार ने अपने दलहन के बफर स्टॉक का स्तर ऊंचा उठाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 2024-25 के वर्तमान रबी सीजन के दौरान कुल 27 लाख टन चना खरीदने का प्लान बनाया है।
वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सरकार विभिन्न राज्यों के लिए 21.60 लाख टन चना की खरीद की स्वीकृति पहले ही दे चुकी है जबकि अब राजस्थान से आए 5.46 लाख टन की खरीद के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है और इसे भी जल्दी ही मंजूरी प्रदान की जाएगी।
इस तरह कुल मिलाकर 27 लाख टन से कुछ अधिक चना की सरकारी खरीद की अनुमति दी जाएगी और इससे किसानों को काफी राहत मिलेगी।
पिछले साल चना का घरेलू बाजार भाव उछलकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी ऊपर पहुंच गया था जिससे सरकार को इसकी खरीद में ज्यादा सफलता नहीं मिल सकी।
लेकिन रिकॉर्ड आयात के कारण अब इसका भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे आ गया है जबकि नई घरेलू फसल की आपूर्ति भी जोर पकड़ने लगी है।
केन्द्र सरकार ने चना का एमएसपी 2023-24 सीजन के 5440 रुपए प्रति क्विंटल से 210 रुपए बढ़ाकर 2024-25 सीजन के लिए 5650 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जबकि अनेक मंडियों में इसका दाम घटकर 5000-5500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया है। नई फसल की जोरदार आवक होने पर कीमतों में और भी नरमी आने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार चालू रबी सीजन के लिए करीब 32 लाख टन दलहनों की खरीद की स्वीकृति पहले ही दे चुकी है जिसमें 21.64 लाख टन चना, 9.40 लाख टन मसूर, 90,108 टन उड़द एवं 13,575 टन मूंग की मात्रा शामिल है।
तेलंगाना में चना की खरीद पहले ही आरंभ हो चुकी है। सबसे उत्पादक राज्य- मध्य प्रदेश में 7.28 लाख टन, महाराष्ट्र में 7.08 लाख टन, गुजरात में 2.66 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 1.96 लाख टन, कर्नाटक में 96,498 टन,
आंध्र प्रदेश में 96,498 टन, आंध्र प्रदेश में 74,945 टन, तेलंगाना में 37,083 टन, छत्तीसगढ़ में 52,738 टन तथा हरियाणा में 2718 टन चना की खरीद की मंजूरी दी गई है। शीघ्र ही इसमें राजस्थान में 5.46 लाख टन की खरीद की स्वीकृति भी शामिल हो जाएगी।
