केन्द्रीय पूल में खाद्यान्न का स्टॉक ऊंचे स्तर पर बरकरार

16-Sep-2026 01:17 PM

नई दिल्ली। गेहूं की सरकारी खरीद बंद होने तथा गोदामों से अनाज की नियमित निकासी जारी रहने के कारण 1 नवम्बर 2026 को केन्द्रीय पूल में खाद्यान्न (चावल एवं गेहूं) का स्टॉक घटकर 870.45 लाख टन रह गया जो 1 अगस्त 2026 को उपलब्ध स्टॉक 907.32 लाख टन से 36.87 लाख टन कम मगर सितम्बर 2025 के स्टॉक 702.03 लाख टन से 168.42 लाख टन ज्यादा है। सितम्बर 2024 में केवल 574.57 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक मौजूद था जिसके मुकाबले सितम्बर 2026 का स्टॉक 295.88 लाख टन अधिक है। 

अगस्त की तुलना में सितम्बर के दौरान केन्द्रीय पूल में चावल का स्टॉक 402.01 लाख टन से गिरकर 390.53 लाख टन तथा गेहूं का स्टॉक 505.31 लाख टन से घटकर 479.92 लाख टन रह गया। चावल के स्टॉक में कम गिरावट आने का कारण यह है कि राइस मिलर्स द्वारा भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) को नियमित रूप से कस्टम मिलिंग चावल की आपूर्ति की जा रही है। 

इसके अलावा धान का स्टॉक अगस्त के मुकाबले सितम्बर में 353.47 लाख टन से घटकर 307.51 लाख टन तथा मोटे अनाजों का स्टॉक 9.58 लाख टन से गिरकर 7.14 लाख टन पर आ गया। अगले महीने (अक्टूबर) से धान की नई फसल की कटाई-तैयारी एवं सरकारी खरीद आरंभ होने वाली है जिससे चावल के स्टॉक में क्रमिक रूप से सुधार हो सकता है।