कोपरा के अभाव से नारियल तेल का भाव उछलकर 200 रुपए प्रति किलो के पार
08-Nov-2024 10:46 AM
कोच्ची। प्रमुख उत्पादक इलाकों को मिलिंग कोपरा का भारी अभाव होने से नारियल तेल की कीमतों में ओणम पर्व के समय से ही भारी तेजी-मजबूती का सिलसिला जारी है। इससे उत्पादकों को आकर्षक आमदनी प्राप्त हो रही है। नारियल तेल का दाम 200 रुपए प्रति किलो से ऊपर पहुंच गया है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार दीपावली के दिन मुहूर्त कारोबार में नारियल तेल का मूल्य 196 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया था और उसके बाद भी इसमें तेजी का माहौल बना रहा। इसके फलस्वरूप 6 नवम्बर को इसका दाम बढ़कर 203 रुपए प्रति किलो की ऊंचाई पर पहुंच गया। जाहिर है कि इस बीच कोपरा का दाम भी उछलकर केरल में 132 रुपए प्रति किलो पर पहुंचा। उधर तमिलनाडु में नारियल तेल का भाव 183 रुपए प्रति किलो तथा कोपरा का मूल्य 135 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया।
कोचीन ऑइल मर्चेंट्स एसोसिएशन (कोमा) के अध्यक्ष का कहना है कि ओणम के समय से ही कोपरा तथा नारियल तेल की कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है और मध्य जनवरी तक इसका सिलसिला बरकरार रहने की सम्भावना है। उसके बाद नए माल की आवक का सीजन आरंभ हो जाएगा और तब बाजार भाव पर दबाव पड़ने लगेगा। इससे पूर्व नारियल तेल का दाम 2017-18 के सीजन में 204 रुपए प्रति किलो तथा 2021-22 के सीजन में 209 रुपए प्रति किलो के शीर्ष स्तर पर पहुंचा था।
एक विश्लेषक के अनुसार विश्व स्तर पर वैकल्पिक उत्पादों के रूप में नारियल एवं कोपरा की मांग एवं खपत बढती जा रही है मगर इसके अनुरूप आपूर्ति एवं उपलब्धता में इजाफा नहीं हो रहा है। जलवायु परिवर्तन एवं सूखे जैसी स्थिति के कारण नारियल की उपज दर में लगभग 50 प्रतिशत की गिरावट आने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
