कपास के उत्पादन में गुजरात शीर्ष स्तर पर बरकरार
16-Dec-2024 08:42 PM
नई दिल्ली । केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों से पता चलता है कि गुजरात 2023-24 के सीजन में देश का सबसे प्रमुख कपास उत्पादक राज्य बना रहा जहां 90.57 लाख गांठ कपास का उत्पादन हुआ इसकी प्रत्येक गांठ 170 किलो की होती है।
इसके फलस्वरूप वह महाराष्ट्र एवं तेलंगाना जैसे अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों से भी ऊपर पहुंच गया। 2023-24 के सीजन में अखिल भारतीय स्तर पर 325.22 लाख गांठ कपास का उत्पादन हुआ।
राज्य सभा में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री ने कहा कि वस्त्र उत्पादों का निर्यात बढ़ाने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार अनेक योजनाएं लागू कर चुकी हैं जिसमें कपड़ा, वस्त्र उत्पाद एवं मेड अप्स के निर्यात पर राज्य / केन्द्र स्तर के टैक्स एवं लेवी में छूट भी शामिल है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2023-24 सीजन के दौरान आंध्र प्रदेश में 7.37 लाख गांठ, तेलंगाना में 50.80 लाख, गुजरात में 90.57 लाख, हरियाणा में 15.09 लाख, कर्नाटक में 20.59 लाख, मध्य प्रदेश में 18.01 लाख,
महाराष्ट्र में 80.45 लाख, उड़ीसा में 7.05 लाख, पंजाब में 6.29 लाख, राजस्थान में 26.22 लाख एवं तमिलनाडु में 2.52 लाख गांठ सहित राष्ट्रीय स्तर पर कुल 325.22 लाख गांठ कपास का उत्पादन हुआ जो 2022-23 सीजन के उत्पादन 336.60 लाख गांठ से कम मगर 2021-22 सीजन के कमजोर उत्पादन 311.18 लाख गांठ से ज्यादा था।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र 2021-22 के सीजन में गुजरात को पीछे छोड़कर देश का सबसे प्रमुख कपास उत्पादक राज्य बन गया था मगर 2022-23 एवं 2023-24 के सीजन में गुजरात ने पुनः पहला स्थान हासिल कर लिया।
