कर्नाटक में एमएसपी पर 9.67 लाख टन तुवर की खरीद की स्वीकृति
11-Dec-2025 12:47 PM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने दक्षिण राज्य- कर्नाटक में 2025-26 के वर्तमान खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के अंतर्गत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 9.67 लाख टन अरहर (तुवर) की खरीद के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि इस सम्बन्ध में केन्द्रीय खाद्य उपभोक्ता मामले एवं सार्वनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी (जो कर्नाटक से सांसद हैं) ने केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को एक पत्र भेजा था जिसमें देश के एक अग्रणी तुवर उत्पादक प्रान्त- कर्नाटक में पीएसएस के तहत इस महत्वपूर्ण दलहन की खरीद के लिए मंजूरी देने का आग्रह किया गया था।
इस पत्र के जवाब में केन्द्रीय कृषि मंत्री ने खाद्य मंत्री को सूचित किया है कि कर्नाटक सरकार से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर कृषि मंत्रालय ने राज्य में पीएसएस के क्रियान्वयन की स्वीकृति प्रदान की है और इसके तहत किसानों से एमएसपी पर 2025-26 के मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन में 9.67 लाख टन तुवर की खरीद के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है।
तुवर खरीद की समय सीमा 90 दिनों की होगी जो इसकी प्रक्रिया शुरू होने की तिथि से प्रभावी मानी जाएगी। किसानों से तुवर की खरीद कब से शुरू करनी है इसका फैसला स्वयं कर्नाटक सरकार को करना है।
कर्नाटक के कुछ भागों में अगैती बिजाई वाली तुवर की नई फसल की छिटपुट कटाई-तैयारी पहले ही आरंभ हो चुकी है जबकि शीघ्र ही इसकी रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।
केन्द्र सरकार ने तुवर का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2024-25 सीजन के 7550 रुपए प्रति क्विंटल से 450 रुपए बढ़कर 2025-26 सीजन के लिए 8000 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जबकि थोक मंडी भाव इससे नीचे चल रहा है। वैसे भी केन्द्र सरकार पहले ही यह संकल्प व्यक्त कर चुकी है कि वह किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर तुवर की शत प्रतिशत खरीद सुनिश्चित करेगी।
केन्द्रीय बफर स्टॉक में तुवर की मात्रा फिलहाल मान्य सीमा से करीब 50 प्रतिशत कम है। इसके फलस्वरूप सरकार को इसकी खरीद की जरूरत है। अब यह कर्नाटक सरकार पर निर्भर है कि वह तुवर की खरीद कब से आरंभ करने का निर्णय लेती है।
