कर्नाटक में पॉल्ट्री फीड निर्माताओं को सीधे किसानों से मक्का खरीदने की अनुमति
10-Dec-2025 06:14 PM
बंगलौर। कर्नाटक सरकार ने राज्य के पॉल्ट्री फीड निर्माताओं को किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मक्का की सीधी खरीद की अनुमति प्रदान कर दी है।
इसके साथ ही वे निर्माता अब 2025-26 के खरीफ सीजन में उत्पादित मक्का की खरीद 2400 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने के लिए स्वतंत्र हो गए हैं। इससे किसानों को भी राहत मिलेगी जो थोक मंडी भाव में भारी गिरावट आने से परेशान हो रहे थे।
राज्य सरकार के नए नियम के अनुसार पॉल्ट्री निर्माता अब बिचौलियों की भागीदारी के बगैर सीधे किसानों से मक्का, खरीद सकते हैं जिससे उन्हें कच्चे माल की जरूरत को पूरा करने में सहायता मिलेगी।
लेकिन फीड निर्माताओं को मक्का की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य का उससे ऊंचे दाम पर करनी होगी। फीड निर्माताओं के लिए एक महत्वपूर्ण शर्त यह रखी गई है कि मक्का की क्वालिटी पॉल्ट्री फीड निर्माता के लिए उपयुक्त होना चाहिए और खासकर मक्का के दाने में नमी का अंश 12 प्रतिशत से अधिक नहीं होना चाहिए।
कर्नाटक पॉल्ट्री फीड फार्मर्स से एंड ब्रीडर्स एसोसिएशन ने किसानों को 20 प्रतिशत के अग्रिम भुगतान के साथ मक्का की आरंभिक खरीद शुरू करने का संकल्प व्यक्त किया है।
मक्का खरीद की इस नीति पर सरकार की पूरी नजर रहेगी और वह खरीद प्रक्रिया की सवत निगरानी करेगी। किसानों को सुझाव दिया गया है कि अगर कोई फीड निर्माता उससे एमएसपी से नीचे दाम पर मक्का खरीदने का प्रयास करता है तो तत्काल सम्बद्ध अधिकारियों को उसकी सूचना दी जाए।
राज्य का पशु पालन विभाग उस पर उचित कार्रवाई करेगा। राज्य में इसी तरह की एक समानान्तर योजना भी मौजूद है जिसके अंतर्गत कर्नाटक राज्य सहकारी विपणन महासंघ द्वारा डिस्टीलर्स के लिए मक्का की खरीद की जा रही है। इससे उत्पादकों, पॉल्ट्री फीड निर्माताओं और एथनॉल निर्माताओं को फायदा होगा।
