किशमिश ने तोड़ा 2014 का रिकॉर्ड

20-Mar-2025 06:36 PM

नई दिल्ली। चालू सीजन के दौरान देश में किशमिश की पैदावार घटने के कारण किशमिश की कीमतों में तेजी का दौर बना हुआ है और चालू माह के दौरान अभी तक कीमतों में 35/40 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा चुकी है। मगर बढ़े भावों पर मुनाफावसूली बिकवाली आने का डर बाजार में बना हुआ है। जिस कारण से अल्पकाल के लिए भाव कुछ घट सकते हैं। 

उत्पादन 
विगत दो वर्षों से देश में किशमिश की पैदावार घट रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 के उत्पादन 23/24 हजार गाड़ी का रहा था जोकि वर्ष 2024 में घटकर 19/20 हजार गाड़ी का रह गया। चालू सीजन 2025 के दौरान उत्पादन घटकर 15/16 हजार गाड़ी होने के समाचार है। 
रिकॉर्ड भाव 
कमजोर उत्पादन एवं बकाया स्टॉक भी कम रहने के अलावा स्टॉकिस्टों की बराबर लिवाली बनी रहने से वर्तमान में महाराष्ट्र की सांगली, तासगांव मंडी में किशमिश के भाव रिकॉर्ड स्तर पर बोले जाने लगे हैं। तासगांव में आज लगभग 100/125 गाड़ी की आवक रही और भाव 250/290 रुपए तक बोले गए। व्यापारियों का कहना है कि इससे पूर्व वर्ष 2014 में किशमिश का भाव 250/280 रुपए का रिकॉर्ड भाव बना था। गत वर्ष इसी समयावधि में मंडियों में किशमिश का भाव 170/190 रुपए प्रति किलो चल रहा था। 
स्टॉक 
जानकार सूत्रों का कहना है कि पैदावार कम रहने के साथ-साथ महाराष्ट्र की मंडियों में किशमिश का स्टॉक भी कम माना जा रहा है। गत वर्ष मंडियों में किशमिश का स्टॉक 2.5/3 हजार गाड़ी का रहा था जोकि वर्तमान में घटकर 500/700 गाड़ी रहने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। 
मन्दा-तेजी 
जानकार सूत्रों का कहना है कि कीमतों में रिकॉर्ड तेजी आने के कारण उत्पादक खाने के अंगूर को किशमिश में परिवर्तित कर सकता है। इसके अलावा बाजार में मुनाफावसूली बिकवाली भी बढ़ सकती है। जिस कारण से अल्पकाल के लिए कीमतों में 10/20 रुपए की गिरावट आ सकती है। मगर वर्ष 2025 में किशमिश के भाव एक बार 300 का स्तर पार कर सकते हैं। सूत्रों का मानना है कि टर्की में भी इस वर्ष किशमिश की पैदावार कम रही थी टर्की में किशमिश की नई फसल सितम्बर-अक्टूबर माह में आती है। इस वर्ष टर्की में किशमिश का उत्पादन 2 लाख टन के आसपास रहा जबकि वर्ष 2023 में उत्पादन 2.5/3 लाख टन के आसपास रहा था। 
निर्यात 
कारोबारियों का मानना है कि भाव ऊंचे होने के कारण किशमिश का निर्यात प्रभावित हो सकता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023-24 में किशमिश का लगभग 33 हजार टन का निर्यात मोरक्को, रशिया, रोमानिया, सऊदी अरब, वियतनाम, श्रीलंका को किया गया।