मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप मसूर में मिश्रित रुख
30-Apr-2026 04:29 PM
विनीपेग। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में फिलहाल मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप मसूर की कीमतों में मिश्रित रुख देखा जा रहा है। नंबर 2 ग्रेड की मोटी हरी मसूर का डिलीवरी मूल्य कुछ चुनिंदा केन्द्रों में 25 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया है लेकिन वहां इसका स्थिर रहना निश्चित नहीं है।
इस मूल्य स्तर पर अत्यन्त सीमित कारोबार हो रहा है और डिलीवरी का समय भी ग्रीष्मकालीन महीनों का है। वर्तमान मार्केटिंग सीजन धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ रहा है इसलिए खरीदारों का ध्यान अब आगामी नई फसल पर केन्द्रित होने लगा है। मोटी हरी मसूर की अगली नई फसल का दाम भी 24-25 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है जिससे मौजूदा स्टॉक वाली मसूर की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।
छोटी हरी मसूर का भाव पुराने स्तर पर स्थिर बना हुआ है जो नंबर 1 ग्रेड के लिए 20 सेंट तथा नंबर 2 श्रेणी के लिए 17.5 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है। इसके मुकाबले लाल मसूर का दाम ऊंचा यानी 24-25 सेंट प्रति पौंड बोला जा रहा है।
इस वर्ष कनाडा, ऑस्ट्रेलिया एवं रूस में लाल मसूर का बिजाई क्षेत्र बढ़ने की संभावना है जिससे अगले मार्केटिंग सीजन में इसकी वैश्विक आपूर्ति एवं उपलब्धता में वृद्धि हो सकती है। कनाडा एवं काला सागर क्षेत्र में अगस्त से तथा ऑस्ट्रेलिया में सितम्बर-अक्टूबर से मसूर के नए माल की आवक शुरू हो जाती है।
