Home News

मगज-तरबूज की कीमतों में तेजी- अभी मंदे की संभावना नहीं

30-Sep-2026 07:15 PM

मगज-तरबूज की कीमतों में तेजी- अभी मंदे की संभावना नहीं

नई दिल्ली। वर्तमान में मगज-तरबूज के भाव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं क्योंकि एक ओर हाजिर में त्यौहारी मांग अच्छी चल रही है वहीं दूसरी ओर चालू सीजन के दौरान अभी तक सरकार ने आयात का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है साथ ही देसी मालों की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। जिस कारण से कीमतों में तेजी का दौर बना हुआ है अभी ओर भाव बढ़ने की संभावना है।  

उल्लेखनीय है कि हाजिर में माल का स्टॉक कमजोर रह जाने एवं बढ़ती मांग के कारण चालू सप्ताह के दौरान अभी तक मगज-तरबूज के भाव 100/110 रुपए प्रति किलो तेजी के साथ बोले जाने लगे हैं और जोधपुर मंडी में 7 स्टार सूडान का भाव 621 रुपए पर बोला गया जोकि चालू सप्ताह के शुरू में 510 रुपए खुला था। 5 स्टार देसी का भाव जोकि सप्ताह के शुरू में 475 रुपए चल रहा था वर्तमान में बढ़कर 590 रुपए हो गया है। सूत्रों का कहना है कि आगामी दिनों में त्यौहारी सीजन होने के कारण मांग अच्छी रहेगी। जिस कारण से अभी भाव और बढ़ने की संभावना है।

फसल की स्थिति 

जानकार सूत्रों का कहना है कि दीपावली के आसपास आने वाली फसल इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में कम रहने के अनुमान लगाए जा रहे है क्योंकि इस वर्ष पानी की कमी के चलते उत्पादन प्रभावित रहेगा। गत वर्ष देश में मगज-तरबूज का उत्पादन लगभग 3/3.50 लाख बोरी (प्रत्येक बोरी 50/60 किलो) का माना गया था।  

2023 में बना था रिकॉर्ड भाव 

प्राप्त जानकारी के अनुसार सूडान में गृह युद्ध के चलते मगज-तरबूज का आयात कम रहा था साथ ही देश में भी पैदावार कम रही थी। जिस कारण नवम्बर-दिसम्बर- 2023 के दौरान राजस्थान की मंडियों में मगज-तरबूज का रिकॉर्ड भाव 820/830 रुपए बन गया था। 

आयात 

कॉमर्स डिपार्टमेंट ऑफ इंडिया द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 (अप्रैल-मार्च) के दौरान मगज तरबूज का आयात केवल 5211 टन का रहा जबकि वर्ष 2024-25 में आयात 86273 टन का रहा था। वर्ष 2023-24 में आयात 35750 टन एवं वर्ष 2022-23 में आयात 65989 टन का हुआ था।