Home News
30-Sep-2026 07:58 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने 2026-27 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान तीन राज्यों - उत्तर प्रदेश, तेलंगाना एवं कर्नाटक में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर दलहनों एवं तिलहनों की खरीद के लिए 55.48 अरब रुपए की धनराशि स्वीकृत की है। इन राज्यों में 7.06 लाख टन दलहन-तिलहन की खरीद को मंजूरी दी गई है। इसमें उत्तर प्रदेश की भागीदारी ज्यादा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में 39.93 अरब रुपए, कर्नाटक में 11.07 अरब रुपए तथा तेलंगाना में 4.48 अरब रुपए मूल्य के दलहन-तिलहन की खरीद का प्रस्ताव स्वीकार किया गया है।
उत्तर प्रदेश में 4.66 लाख टन अरहर (तुवर) एवं 6250 टन मूंग की खरीद की जाएगी जबकि कर्नाटक में 1,15,500 टन सोयाबीन, 38,250 टन मूंग तथा 13,413 टन सूरजमुखी की खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसी तरह तेलंगाना में 62 हजार टन सोयाबीन और 10,766 टन मूंग की खरीद का निश्चय किया गया है। मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के अंतर्गत होने वाली इस सरकारी खरीद से किसानों को राहत मिलेगी।
कृषि मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि इस निर्णय का उद्देश्य दलहन-तिलहन उत्पादकों को उस समय न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ प्रदान करना है जब थोक मंडी भाव घटकर उससे नीचे आ जाएगा। किसानों को दलहन-तिलहन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने हेतु सरकार का गंभीर प्रयास निरन्तर जारी है। खरीफ कालीन दलहन-तिलहन फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भी अच्छी बढ़ोत्तरी की गई है और अब रबी कालीन दलहन-तिलहन फसलों का एमएसपी भी घोषित कर दिया गया है।