महाराष्ट्र में 183 मिलों में 16.80 लाख टन चीनी का उत्पादन
17-Dec-2024 10:49 AM
पुणे । नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि महाराष्ट्र में चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान 15 दिसम्बर 2024 तक 183 इकाइयों में 207.41 लाख टन गन्ना की क्रशिंग हुई और 16.80 लाख टन चीनी का निर्यात किया गया।
इसके मुकाबले पिछले मार्केटिंग सीजन की समान अवधि के दौरान राज्य में 191 मिलों में कुल 258.30 लाख टन गन्ना की क्रशिंग से 24.85 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था।
वहां गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर भी गत वर्ष के 8.4 प्रतिशत से गिरकर इस बार 8.1 प्रतिशत रह गई। इस रिकवरी दर के साथ महाराष्ट्र में 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन में कुल 87 लाख टन चीनी का उत्पादन हो सकता है जो 2023-24 सीजन के सकल उत्पादन 110.20 लाख टन से काफी कम है।
फेडरेशन ने अखिल भारतीय स्तर पर भी चीनी का कुल उत्पादन गत सीजन के 319 लाख टन से घटकर इस बार 280 लाख टन पर सिमटने का अनुमान लगाया है।
उधर महाराष्ट्र में चीनी आयुक्तालय ने भी कुछ इसी तरह की सूचना दी है। आयुक्तालय की रिपोर्ट के अनुसार 15 दिसम्बर 2024 तक राज्य में 183 चीनी मिलों में 206.99 लाख टन गन्ना की क्रशिंग हुई और 8.11 प्रतिशत की औसत रिकवरी दर के साथ 167.81 लाख क्विंटल (16.78 लाख टन) चीनी का उत्पादन हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक पुणे संभाग में 53.04 लाख टन गन्ना की क्रशिंग से 43.58 लाख क्विंटल, कोल्हापुर संभाग में 46.93 लाख टन की क्रशिंग से 44.72 लाख क्विंटल तथा सोलापुर डिवीजन में 37.95 लाख टन की क्रशिंग से 27.07 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ।
इसके अलावा अहमदनगर संभाग में 19.59 लाख क्विंटल, नांदेड़ में 18.90 लाख क्विंटल तथा अमरावती डिवीजन में 1.72 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ।
गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर सबसे अधिक कोल्हापुर डिवीजन में 9.53 प्रतिशत दर्ज की गई। जहां तक क्रियाशील चीनी मिलों का सवाल है तो इसकी संख्या पुणे संभाग में 31, कोल्हापुर में 39, सोलापुर में 40, अहमदनगर में 22,
नांदेड़ में 27 तथा अमरावती संभाग में 4 रही। कुछ अन्य चीनी मिलों को भी परमिट जारी होने की संभावना है।
