मई में मलेशियाई पाम तेल उत्पादों का निर्यात पांच माह के उच्च स्तर पर पहुंचा
04-Jun-2025 05:48 PM
कुआलालम्पुर। हालांकि सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) द्वारा मई 2025 के लिए पाम तेल के उत्पादन, निर्यात, घरेलू खपत एवं बकाया स्टॉक आदि का आधिकारिक आंकड़ा अगले सप्ताह जारी किया जाएगा लेकिन उससे पूर्व एक स्वतंत्र कार्गो फर्म- इंटरटेक टेस्टिंग सर्विसेज (आईटीएस) ने जो आंकड़ा जारी किया है उससे पता चलता है कि अप्रैल के मुकाबले मई में मलेशियाई पाम तेल का निर्यात करीब 2 लाख टन बढ़कर कम से कम जनवरी 2025 से अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। मई में तीनों प्रमुख बाजारों- यूरोपीय संघ, भारतीय उप महाद्वीप एवं चीन में पाम तेल का निर्यात बढ़ गया।
आईटीएस के अनुसार मलेशिया से मई में पाम तेल उत्पादों का निर्यात बढ़कर 13.21 लाख टन पर पहुंचा जो अप्रैल के शिपमेंट 11.21 लाख टन से 2 लाख टन अधिक है। इससे पूर्व मार्च में 10.66 लाख टन, फरवरी में 10.62 लाख टन तथा जनवरी 2025 में 11.92 लाख टन पाम तेल का निर्यात हुआ था।
अप्रैल की तुलना में मई के दौरान मलेशिया से पाम तेल का निर्यात यूरोपीय संघ को 2,65,808 टन से बढ़कर 2,97,351 टन, भारतीय उप महाद्वीप को 2,04,100 टन से उछलकर 2,88,799 टन तथा चीन को 83,980 टन से सुधरकर 1,28,220 टन पर पहुंचा। पाम तेल का शेष निर्यात अन्य देशों को किया गया।
इंडोनेशिया के बाद मलेशिया दुनिया में पाम तेल का दूसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। आईटीएस की रिपोर्ट के मुताबिक मई 2025 के दौरान देश से 2,58,189 टन क्रूड पाम तेल, 117553 टन आरबीडी पाम तेल, 3,34,355 टन रिफाइंड पामोलीन, 1,19,213 टन आरबीडी पाम स्टेरिन, 20,470 टन क्रूड पाम कर्नेल तेल और 55,090 टन पाम फैट्टी एसिड डिस्टीलेट का निर्यात शिपमेंट हुआ।
