मई में पाम तेल का आयात 87 प्रतिशत बढ़कर गत छह माह के उच्च स्तर पर पहुंचा

04-Jun-2025 12:52 PM

मई में पाम तेल का आयात 87 प्रतिशत बढ़कर गत छह माह के उच्च स्तर पर पहुंचा 

मुम्बई। उद्योग- व्यापार क्षेत्र के अग्रणी विश्लेषकों- विशेषज्ञों का कहना है कि मई माह में खाद्य तेलों के आयात में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई और खासकर पाम तेल का आयात अप्रैल के मुकाबले 87 प्रतिशत उछलकर गत माह के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया। पाम तेल के आयात में हुई इस जोरदार बढ़ोत्तरी का कारण एक तो घरेलू प्रभाग में इसका स्टॉक बहुत कम होना तथा दूसरे, सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल जैसे अन्य प्रमुख प्रतिद्वन्द्वी खाद्य तेलों के सापेक्ष इसका मूल्य आकर्षक होना रहा। 

उद्योग- व्यापार क्षेत्र के अनुसार अप्रैल की तुलना में मई के दौरान पाम तेल का आयात 87 प्रतिशत उछलकर 6 लाख टन पर पहुंच गया जो नवम्बर 2024 के बाद का सबसे ज्यादा है। इसी तरह समीक्षाधीन अवधि के दौरान सोयाबीन तेल का आयात 10 प्रतिशत बढ़कर 3.98 लाख टन तथा सूरजमुखी तेल का आयात 2 प्रतिशत सुधरकर 1.84 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। सोया तेल का आयात जनवरी के बाद सबसे ज्यादा हुआ। 

इसके फलस्वरूप भारत में अप्रैल की तुलना में मई माह के दौरान खाद्य तेलों का कुल आयात 37 प्रतिशत की भारी बढ़ोत्तरी के साथ 11.80 लाख टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है जो दिसम्बर 2024 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। 

एक अग्रणी विश्लेषक के अनुसार पाम तेल का आयात आगे और बढ़कर जून में 7.50 लाख टन तथा  जुलाई में 8.50 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है। सरकार ने क्रूड खाद्य तेल पर मूल आयात शुल्क को 20 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत निर्धारित कर दिया है जिससे खासकर क्रूड पाम तेल का आयात बढ़ाने का भरपूर प्रोत्साहन स्वदेशी रिफाइनर्स को मिलेगा। हाल के महीनों में निर्यातक देशों में पाम तेल का भाव कुछ नरम पड़ा है। इससे पूर्व भारत में पाम तेल का मासिक आयात काफी कम हो रहा था जिससे वहां चिंता बढ़ रही थी।