Home News
12-Oct-2026 12:36 PM
कुआलालम्पुर। उत्पादन का पीक सीजन जारी रहने तथा निर्यात प्रदर्शन बेहद कमजोर रहने से मलेशिया में पाम तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक तेजी से उछलकर ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। इसी तरह पाम कर्नेल तेल के स्टॉक में भी भारी वृद्धि हुई है। स्टॉक में जोरदार इजाफा होने से पाम तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।
सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) के नवीनतम मासिक आंकड़ों के अनुसार अगस्त की तुलना में सितम्बर 2026 के दौरान मलेशिया में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का उत्पादन 16.48 प्रतिशत उछलकर 21,16,950 टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया जबकि इसी अवधि में वहां से पाम तेल उत्पादों का सकल निर्यात 12.13 प्रतिशत घटकर 11,20,395 टन पर सिमट गया। इससे बकाया स्टॉक में 24 प्रतिशत से अधिक की जोरदार बढ़ोत्तरी हो गई।
एम्पोब की रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त की समाप्ति की तुलना में सितम्बर 2026 के अंत में मलेशिया में पाम तेल का सकल बकाया स्टॉक 24.54 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोत्तरी के साथ 35,10,897 टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया।
इसके तहत क्रूड पाम तेल का स्टॉक 31.88 प्रतिशत उछलकर 21,63,173 टन तथा रिफाइंड पाम तेल / पामोलीन का स्टॉक 14.33 प्रतिशत बढ़कर 13,47,724 टन पर पहुंचा। इसी अवधि में वहां पाम कर्नेल तेल का स्टॉक भी 17.11 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3,97,225 टन की ऊंचाई पर पहुंच गया। उत्पादन में जोरदार वृद्धि के बावजूद मलेशिया में पाम तेल का आयात सितम्बर में बढ़कर 58,064 टन पर पहुंच गया जो अगस्त माह के कुल आयात से 17.24 प्रतिशत अधिक रहा।