Home News
12-Oct-2026 01:04 PM
नई दिल्ली। मौसम विभाग का कहना है कि देश के विभिन्न भागों से दक्षिण- पश्चिम मानसून लगातार पीछे हटते हुए तेजी से प्रस्थान का रहा है जिससे उत्तर पूर्व मानसून के लिए रास्ता साफ हो रहा है। शनिवार, 10 अक्टूबर को देश में महज 1 मि०मी० बारिश दर्ज की गई जो सामान्य औसत 2.8 मि०मी० से 63 प्रतिशत कम रही। 1 जून से 30 सितम्बर के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर दीर्घकालीन औसत के सापेक्ष 12.6 प्रतिशत कम बारिश हुई।
सामान्य औसत के मुकाबले 10 अक्टूबर को देश के पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भाग में 45 प्रतिशत कम बारिश हुई जबकि वर्षा की कमी पश्चिमोत्तर क्षेत्र में 39 प्रतिशत तथा दक्षिणी संभाग में 61 प्रतिशत दर्ज की गई। इतना ही नहीं बल्कि मध्यवर्ती राज्यों में भी बारिश का भारी अभाव देखा गया।
वैसे 11-12 अक्टूबर को पंजाब, हरियाणा एवं दिल्ली सहित अन्य समीपवर्ती राज्यों में जोरदार बारिश हुई। पंजाब की मंडियों में भयंकर जल जमाव होने से करीब 40 हजार टन धान के बर्बाद होने की आशंका है। धान का यह स्टॉक मंडियों में (सरकारी क्रय केन्द्रों पर) बेचने के लिए लाया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार 15 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून समूचे देश से प्रस्थान कर सकता है। इसके वापस लौटने की गति तेज है।