मलेशिया में पाम तेल का स्टॉक उछलकर 28.35 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
10-Dec-2025 01:29 PM
कुआलालम्पुर। यद्यपि अक्टूबर की तुलना में नवम्बर माह के दौरान मलेशिया में पाम तेल के उत्पादन एवं आयात में कमी आई लेकिन निर्यात में जबरदस्त गिरावट आने के कारण इसके कुल बकाया स्टॉक में जोरदार वृद्धि हुई और यह उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
सरकारी संस्था- मलेशिया पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) के नीवनतम मासिक आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर की तुलना में नवम्बर 2025 के दौरान मलेशिया में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का उत्पादन 5.30 प्रतिशत गिरकर 19,35,510 टन रह गया जबकि वहां विदेशों से पाम तेल का आयात भी 36.12 प्रतिशत उछलकर 23,176 टन पर अटक गया।
इसी तरह समीक्षाधीन अवधि के दौरान मलेशिया से पाम तेल उत्पादों का सकल निर्यात 28.13 प्रतिशत की जोरदार गिरावट के साथ 12,12,814 टन पर अटक गया जिससे वहां इसके बकाया अधिशेष स्टॉक में भारी बढ़ोत्तरी हो गई मलेशिया के घरेलू प्रभाग में पाम तेल की खपत में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया।
एम्पोब की रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर के मुकाबले नवम्बर के अंत में मलेशिया में पाम तेल का कुल अधिशेष स्टॉक 13.04 प्रतिशत बढ़कर 28,35,439 टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
इसके तहत क्रूड पाम तेल का स्टॉक 17.56 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 17,42,961 टन तथा प्रोसेस्ड पाम तेल (आरबीडी पाम तेल / पामोलीन) का स्टॉक 6.50 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 10,92,478 टन पर पहुंचा। इसी तरह पाम कर्नेल तेल का स्टॉक भी 5.40 प्रतिशत सुधरकर 3,14,840 टन पर पहुंच गया।
उद्योग समीक्षकों के अनुसार रिकॉर्ड अधिशेष स्टॉक की वजह से मलेशिया पाम तेल के बेंचमार्क वायदा मूल्य पर दबाव बढ़ सकता है और इसमें कमी आ सकती है।
समझा जाता है कि नवम्बर 2025 के दौरान मलेशिया से भारत सहित कुछ अन्य देशों में पाम तेल का निर्यात घट गया।
