मानसून अभी श्रीलंका के पास पहुंच रहा है
25-May-2026 08:23 PM
तिरुअनन्तपुरम। मौसम विभाग ने इस बार 26 मई को केरल के दक्षिणी तट पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना व्यक्त की थी लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि इसके आगमन में थोड़ी देर हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से जो संकेत मिल रहे हैं उससे प्रतीत होता है कि मानसून कल यानी 26 मई को केरल तक नहीं पहुंच पाएगा क्योंकि यह अभी श्रीलंका के पास पहुंच रहा है।
आमतौर पर भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून श्रीलंका के रास्ते ही पहुंचता है इसलिए यह माना जा सकता है कि भारत में इसके आने में ज्यादा देर भी नहीं होगी। वैसे भी मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 4 दिनों का माइनस या प्लस समाहित रहता है।
श्रीलंका में मानसून आमतौर पर 22 मई को पहुंच जाता है मगर इस बार इसे वहां पहुंचने में देर हो गई। वहां से मानसून को केरल पहुंचने में करीब एक सप्ताह का समय लग जाता है।
दिलचस्प तथ्य यह है कि म्यांमार तथा अंडमान निकोबार द्वीप समूह में मानसून लगभग अपने नियत समय पर पहुंच गया था लेकिन बाद में इसके आगे बढ़ने की गति कुछ धीमी पड़ गई क्योंकि इसे प्रतिरोधी हवा का सामना करना पड़ा।
