उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने का दावा
25-May-2026 07:32 PM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने दावा किया है कि देश में खरीफ सीजन की मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए रासायनिक उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और इसके वितरण की भी अच्छी व्यवस्था की गई है।
उर्वरक विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार पश्चिम एशिया में संकट उत्पन्न होने के बाद से उर्वरकों का घरेलू उत्पादन बेहतर हुआ है जबकि दुनिया के विभिन्न देशों से नियमित रूप से इसका आयात भी किया जा रहा है। इससे देश में उर्वरकों की समुचित आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिल रही है।
राष्ट्रीय स्तर पर उर्वरकों का सुविधाजनक स्टॉक मौजूद है। इस वर्ष सम्पूर्ण खरीफ सीजन के दौरान देश में कुल 390.54 लाख टन उर्वरकों का उपयोग आंका गया है जबकि फिलहाल देश में 200.12 लाख टन का स्टॉक उपलब्ध है।
कुल खरीफ मांग की तुलना में 50 प्रतिशत से अधिक उर्वरक का स्टॉक पड़ा हुआ है जबकि आमतौर पर इस समय 33 प्रतिशत का ही स्टॉक रहता है। कृषि मंत्रालय ने खरीफ सीजन में 390.54 लाख टन उर्वरक की मांग रहने का अनुमान लगाया है और सरकार इस स्तर तक पहुंचने का हर संभव प्रयास कर रही है।
