मौसम विभाग द्वारा देश के विभिन्न भागों में प्रतिकूल मौसम की चेतावनी

16-Dec-2024 07:56 PM

तिरुअनन्तपुरम । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक कम दाब का क्षेत्र बनने की संभावना व्यक्त करते हुए देश के अनेक भागों में बारिश होने का अनुमान लगाया है और कई इलाकों शीत लहर के प्रकोप की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी अंडमान सागर और दक्षिणी पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक उर्ध्वमुखी वायु का साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौजूद है जो आगे 24 घंटों में कम दाब के क्षेत्र में बदल सकता है।

धीरे-धीरे यह सघन होकर पश्चिमी-उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ेगा और अगले दो दिनों में तमिलनाडु तट के पास पहुंच जाएगा। उल्लेखनीय है कि उत्तर-पूर्व मानसून की सक्रियता के कारण वहां पहले से ही मूसलाधार वर्षा का दौर जारी है। 

उधर मध्यवर्ती पाकिस्तान तथा जम्मू के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन उपस्थित है जिससे देश का उत्तरी एवं पश्चिमी भाग प्रभावित होने की संभावना है।

इसके फलस्वरूप तापमान में गिरावट आएगी और कुछ भागों में शीत लहर का प्रकोप बढ़ सकता है। रबी फसलों पर इसका असर पड़ने की संभावना है। 

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों के दौरान देश के दक्षिणी राज्यों और खासकर तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश तथा अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भारी से लेकर बहुत भारी बारिश हो सकती है जबकि कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की  संभावना है।

तटीय आंध्र प्रदेश एवं रायल सीमा तथा तमिलनाडु में 17 दिसम्बर को तथा केरल में 18 दिसम्बर को भारी वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है। 

इधर देश के उत्तरी एवं पश्चिमी भाग में मौसम ठंडा होने की संभावना व्यक्त की गई है जिसका दायरा मध्यवर्ती राज्यों तक फैल सकता है। 

कुछ क्षेत्रों में शीत लहर के साथ-साथ घना कोहरा भी छा सकता है। वहां तापमान घटकर 4 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच आ सकता है जबकि पूर्वी एवं पश्चिमी भारत में यह 8 से 14 डिग्री के बीच रह सकता है।