म्यांमार से तुवर एवं उड़द के निर्यात में कुछ गिरावट

04-Jun-2025 03:24 PM

रंगून। भारत के पूर्वोत्तर पड़ोसी देश- म्यांमार से उड़द एवं तुवर जैसे दलहनों का बड़े पैमाने पर निर्यात होता है जिसका अधिकांश भाग भारत ही मंगाता है। म्यांमार की शीर्ष व्यापारिक संस्था- ओवरसीज एग्री ट्रेड एसोसिएशन (ओएटीए) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वर्ष के शुरूआती पांच महीनों में देश से कुल मिलाकर 3,69,471 टन उड़द का निर्यात हुआ जो पिछले साल की समान अवधि के शिपमेंट 4,09,392 टन से 39,921 टन कम रहा। इसी तरह समीक्षाधीन महीनों के दौरान म्यांमार से तुवर निर्यात 1,62,840 टन से 9743 टन घटकर 1,53,097 टन पर अटक गया। मई में तुवर के निर्यात में 6 हजार टन से अधिक की गिरावट आ गई। 

एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 की तुलना में 2025 के दौरान म्यांमार से उड़द का निर्यात जनवरी में 73,801 टन से उछलकर 80,266 टन, फरवरी में 65,850 टन से सुधरकर 69,559  टन तथा मार्च में 79,587 टन से बढ़कर 89,563 टन पर पहुंचा लेकिन अप्रैल में यह 87,492 टन घटकर 65,871 टन तथा मई में 1,02,662 टन से लुढ़ककर 64,211 टन पर अटक गया।

जहां तक तुवर का सवाल है तो म्यांमार से इसका निर्यात जनवरी 2024 के 31,029 टन से घटकर 5606 टन तथा फरवरी में 33,388 टन से गिरकर 28,725 टन रह गया। दूसरी ओर मार्च में इसका निर्यात 30,056 टन से बढ़कर 41,410 टन तथा अप्रैल में 27,795 टन से उछलकर 43,151 टन पर पहुंचा मगर मई में निर्यात एक बार फिर 40,572 टन से घटकर 34205 टन पर अटक गया। 

ओेएटीए के आंकड़ों से यह भी ज्ञात होता है कि वर्ष 2024 की सम्पूर्ण अवधि (जनवरी-दिसम्बर) के दौरान म्यांमार से कुल मिलाकर 9,03,526 टन उड़द तथा 3,13,366 टन तुवर का निर्यात हुआ था और भारत इसका सबसे प्रमुख खरीदार बना रहा।