नेपाल में बेमौसमी वर्षा से कृषि फसलों को भारी नुकसान
04-Dec-2025 03:34 PM
काठमांडू। भारत के उत्तरी पड़ोसी देश- नेपाल में जोरदार बेमौसमी बारिश होने तथा कई क्षेत्रों में भयंकर बाढ़ का प्रकोप रहने से 6.60 अरब रुपए (नेपाली मुद्रा) से अधिक मूल्य की कृषि फसलें क्षतिग्रस्त हो गई।
इसमें धान, गन्ना, फल-सब्जी सहित कई अन्य महत्वपूर्ण फसलें शामिल हैं। कृषि मंत्रालय के मुताबिक सिर्फ 1 से 3 नवम्बर 2025 के दौरान हुई मूसलाधार वर्षा से ही करीब 3 अरब रुपए मूल्य की फसलें बर्बाद हो गई। इसके तहत खासकर धान और सब्जियों की फसल को सर्वाधिक नुकसान हुआ।
इस जोरदार बेमौसमी बारिश से नेपाल के पांच प्रांतों में 21,189 हेक्टेयर में फसलों के बर्बाद होने का अनुमान लगाया गया है जिससे 84,802 टन कृषि उत्पादों की बर्बादी हुई है।
इसमें धान के अलावा दलहन, तिलहन, मिलेट्स, आलू, केला एवं अन्य सब्जियां सम्मिलित हैं। नेपाली मुद्रा में इन क्षतिग्रस्त उत्पादों का मूल्य 6.60 अरब डॉलर से अधिक आंका गया है।
विभिन्न राज्यों के कृषि विभागों द्वारा क्षतिग्रस्त फसलों के बारे में उपलब्ध करवाए गए आंकड़ों के आधार पर नेपाल के कृषि मंत्रालय ने उपरोक्त अनुमान लगाया है।
राज्यों की रिपोर्ट के अनुसार नेपाल के कोशी, मधेस, बागमती, गंडकी तथा कुम्बिनी प्रांतों में लगभग 20 हजार हेक्टेयर में धान की फसल प्रभावित हुई है जिससे 2.66 अरब रुपए मूल्य के 75,674 टन धान का उत्पादन कम हो जाएगा। ऐसी हालत में नेपाल को खासकर भारत से भारी मात्रा में चावल का आयात करना पड़ सकता है।
इसके साथ-साथ वहां दलहनों एवं खाद्य तेलों के आयात में भी बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहां 13.88 करोड़ रुपए मूल्य के दलहन एवं 28.20 करोड़ रुपए मूल्य के तिलहन की फसलें भी बर्बाद हुई हैं।
