नवम्बर में महंगाई दर बढ़कर 0.7 प्रतिशत पर पहुंचने का अनुमान

10-Dec-2025 05:27 PM

नई दिल्ली। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित महंगाई की दर अक्टूबर में लुढ़ककर 0.25 प्रतिशत के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया था मगर नवम्बर में यह कुछ बढ़कर 0.70 प्रतिशत पर पहुंच जाने का अनुमान है। इसके बावजूद खुदरा महंगाई दर 1 प्रतिशत से नीचे ही रहेगी।

ध्यान देने की बात है कि नवम्बर 2024 में यह महंगाई दर 5.48 प्रतिशत के उच्च स्तर पर पहुंच गई थी मगर अक्टूबर 2025 तक आते-आते घटकर 0.25 प्रतिशत रह गई। खाद्य उत्पादों के दाम में कमी आने तथा जीएसटी की दरों में कटौती होने से अक्टूबर में महंगाई दर तेजी से घटी थी। 

अर्थ शास्त्रियों ने नवम्बर में महंगाई की दर नीचे में 0.40 से लेकर ऊपर में 1.00 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान लगाया है जिसका मध्यमान 0.70 प्रतिशत बैठता है। सांख्यिकी विभाग द्वारा नवम्बर 2025 के लिए सीपीआई का आंकड़ा 12 दिसम्बर को जारी किया जाएगा।

समीक्षकों के मुताबिक यह लगातार दसवां महीना होगा जबकि सीपीआई पर आधारित महंगाई की दर भारतीय रिजर्व बैंक के मीडियम टर्म लक्ष्य 4 प्रतिशत से नीचे रहेगी।

रिजर्व बैंक द्वारा महंगाई दर का लक्ष्य नीचे में 2 प्रतिशत से लेकर ऊपर में 6 प्रतिशत के बीच नियत किया गया है। पिछले 5 महीनों में से यह चौथा अवसर होगा जब महंगाई दर रिजर्व बैंक के निचले लक्ष्य से भी नीचे रहेगी। रिजर्व बैंक के ब्याज दर में कटौती कर दी है। 

नवम्बर 2025 के दौरान प्रमुख खाद्य उत्पादों के दाम में नरमी या स्थिरता का माहौल बना रहा। इस बार त्यौहारी सीजन अक्टूबर में ही समाप्त हो गया जबकि घरेलू प्रभाग में गेहूं, चावल, चीनी, खाद्य तेल, दलहन तथा अन्य खाद्य उत्पादों की अच्छी उपलब्धता बनी रही।

सरकार की ओर से भी आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों को नरम या स्थिर रखने का जोरदार प्रयास किया गया। जीएसटी की दर में हुई कटौती एवं विदेशों से सस्ते आयात को भी इसने अहम योगदान दिया।