रूस में गेहूं, मक्का एवं जौ पर निर्यात शुल्क स्थगित

11-Dec-2025 11:11 AM

मास्को। रूस के कृषि मंत्रालय ने निर्यात ऑफर मूल्य की आधारभूत गणना के आधार पर चालू सप्ताह के लिए गेहूं के निर्यात पर लगे सीमा शुल्क को स्थगित कर दिया है। इसके फलस्वरूप वहां 10 से 16 दिसम्बर 2025 तक गेहूं पर निर्यात शुल्क शून्य प्रतिशत रहेगा। इससे पूर्व इस पर 8.9 रूबल प्रति टन का शुल्क लागू था। 

रूस के कृषि मंत्रालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मक्का तथा जौ के लिए भी निर्यात शुल्क को स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है क्योंकि इसका ऑफर मूल्य आधार स्तर से नीचे आ गया है।

जिस सांकेतिक मूल्य के आधार पर वहां उपरोक्त अनाजों पर निर्यात शुल्क लगाया जाता है वह फिलहाल नीचे आ गया है या फिर आधार स्तर के आसपास ही है। 

उल्लेखनीय है कि चालू सप्ताह (10-16 दिसम्बर) के लिए रूस में गेहूं का सांकेतिक निर्यात ऑफर मूल्य 226.10 डॉलर प्रति टन आंका गया है जो पिछले सप्ताह 227.30 डॉलर प्रति टन था।

जौ का सांकेतिक मूल्य यद्यपि गत सप्ताह के 210.80 डॉलर प्रति टन से सुधरकर वर्तमान सप्ताह में 213.60 डॉलर प्रति टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है लेकिन फिर भी यह निर्यात शुल्क लगाने के लिए स्वीकृत या मान्य सीमा से नीचे ही है।

जहां तक मक्का का सवाल है तो इसका औसत सांकेतिक मूल्य 208.50 डॉलर प्रति टन आंका गया है जो पिछले सप्ताह प्रचलित मूल्य 211.80 डॉलर प्रति टन से नीचे है। 

सीमा शुल्क के स्थगन से रूस के निर्यातकों को राहत मिलेगी और वहां से गेहूं, मक्का तथा जौ के निर्यात संवर्धन में सहायता प्राप्त होगी।

उल्लेखनीय है कि रूस दुनिया में गेहूं का सबसे प्रमुख निर्यातक और तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश है जबकि वहां से मक्का एवं जौ का भी विशाल निर्यात होता है।