ऑस्ट्रेलिया में दलहनों के रिकॉर्ड उत्पादन का अनुमान
05-Dec-2025 06:06 PM
कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया की सरकारी एजेंसी- अबारेस ने जो नई रिपोर्ट जारी की है उससे पता चलता है कि 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान वहां दलहन फसलों का सकल उत्पादन बढ़कर एक नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाएगा। विशेष बात यह है कि दिसम्बर रिपोर्ट की तुलना में इस नई रिपोर्ट में सभी प्रमुख दलहनों के उत्पादन अनुमान में बढ़ोत्तरी की गई है।
हालांकि वर्ष 2025 में फसलों की प्रगति के कारण से ऑस्ट्रेलिया के महत्वपूर्ण उत्पादक इलाकों में मौसम की हालत मिश्रित रही थी। इसके तहत शुरुआत में मौसम कुछ शुष्क रहा था जबकि बाद में यह काफी कम हो गया जिससे फसल की कटाई में देर भी हो गई
लेकिन इसके बावजूद दलहनों की औसत उपज दर में ज्यादा गिरावट नहीं आई। चूंकि अधिकांश दलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर या उसके करीब पहुंच गया था और उत्पादकता भी सामान्य रही इसलिए कुल उत्पादन में स्वाभाविक रूप से भारी वृद्धि का अनुमान लगाया जा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया में दलहन फसलों की कटाई-तैयारी अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है इसलिए अबारेस की अगली रिपोर्ट में उत्पादन के आंकड़ों में कुछ बदलाव होने की गुंजाइश है।
अबारेस की रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलिया में 2024-25 सीजन के मुकाबले 2025-26 सीजन के दौरान चना (मुख्यत: देसी) का उत्पादन 7 प्रतिशत गिरकर 21 लाख टन रह जाने की संभावना है जो सितम्बर रिपोर्ट के अनुमान के लगभग बराबर ही है।
भले ही यह उत्पादन गत वर्ष के रिकॉर्ड स्तर से छोटा है लेकिन पंचवर्षीय औसत उत्पादन 6.4 लाख टन से बहुत बड़ा है।
चना का बिजाई क्षेत्र बढ़कर इस बार 11 लाख हेक्टेयर के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया था जबकि इसकी औसत उपज दर पिछले साल के 2.20 टन प्रति हेक्टेयर के रिकॉर्ड स्तर से कुछ गिरकर इस बार 2 टन प्रति हेक्टेयर से थोड़ी नीचे आ गई।
दूसरी ओर अबारेस ने मसूर का घरेलू उत्पादन 2024-25 सीजन की तुलना में 50 प्रतिशत से ज्यादा लगाया है जो इससे पूर्व 2022-23 के रिकॉर्ड उत्पादन 17 लाख टन से भी 2 लाख टन ज्यादा है।
सितम्बर की रिपोर्ट में अबारेस ने 17 लाख टन मसूर के ही उत्पादन की संभावना व्यक्त की थी। बिजाई के साथ-साथ इसकी उपज दर में भी भारी वृद्धि हुई।
