पहली तिमाही में इंडोनेशिया से सर्वाधिक 9.31 लाख टन पाम तेल का आयात

13-Feb-2025 08:43 PM

मुम्बई । लम्बे अरसे से इंडोनेशिया भारत को खाद्य तेल का सबसे प्रमुख अपूर्तिकर्ता देश बना हुआ है मगर वहां से केवल पाम तेल उत्पादों का शिपमेंट होता है।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक नवम्बर 2024 से जनवरी 2025 की तिमाही के दौरान भारत में लगभग 37,83,514 टन खाद्य तेल मंगाया गया जिसमें सर्वाधिक 9,31,185 टन का आयात इंडोनेशिया से हुआ। सोयाबीन का आयात अर्जेन्टीना से सबसे ज्यादा 8,98,489 टन तथा सूरजमुखी तेल का सबसे ज्यादा 6,00,324 टन का आयात रूस से हुआ। 

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान इंडोनेशिया से 407 लाख टन आरबीडी पामोलीन, 5.24 लाख टन क्रूड पाम तेल तथा 1 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल का आयात हुआ जबकि मलेशिया से 64 हजार टन आरबीडी पामोलीन, 4.88 लाख टन क्रूड पाम तेल तथा 20 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल मंगाया गया। थाईलैंड से 19 हजार टन सीपीओ मंगाया गया 

इसी तरह नवम्बर-जनवरी की तिमाही के दौरान अर्जेन्टीना से करीब 8.95 लाख टन सोयाबीन तेल तथा 56 हजार टन सूरजमुखी तेल के साथ कुल 9.49 लाख टन खाद्य तेल का आयात हुआ जबकि ब्राजील से 1.87 लाख टन से कुछ अधिक सोयाबीन तेल का आयात किया गया।

इस अवधि में रूस ने भारत को 1.21 लाख टन से अधिक सोयाबीन तेल तथा 6 लाख टन से ज्यादा सूरजमुखी तेल के साथ कुल 7.22 लाख टन खाद्य तेल का निर्यात किया जबकि यूक्रेन ने भारत को 2.15 लाख टन खाद्य तेल का निर्यात किया जिसमें 2.12 लाख टन सूरजमुखी तेल और 3 हजार टन सोयाबीन तेल का शिपमेंट शामिल था।

इसके अलावा दुनिया के अन्य  देशों से करीब 1.88 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया जिसमें 85 हजार टन सीपीओ, 10 हजार टन पामोलीन, 68 हजार टन सोया तेल तथा 25 हजार टन सूरजमुखी तेल का आयात शामिल था।