पंजाब के मालवा बेल्ट में धान की रोपाई शुरू
04-Jun-2025 07:03 PM
भटिंडा। केन्द्रीय पूल में चावल और गेहूं का सर्वाधिक योगदान देने वाले राज्य- पंजाब में मालवा संभाग को पांच जिलों- भटिंडा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का एवं मुक्तसर में किसानों द्वारा खरीफ कालीन धान की रोपाई आरंभ कर दी है।
राज्य सरकार ने पिछले सप्ताह धान की रोपाई समय से पूर्व करने की अनुमति देने हेतु एक अधिसूचना जारी की थी और इसे ध्यान में रखते हुए उत्पादकों ने 1 जून से ही खेती का अभियान शुरू कर दिया।
चालू वर्ष के दौरान पूरे पंजाब में धान का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 31 लाख हेक्टेयर (76 लाख एकड़) से ऊपर पहुंच जाने की उम्मीद है। पिछले तीन वर्षों के दौरान राज्य में धान का क्षेत्रफल करीब 2 लाख हेक्टेयर बढ़ा है।
मालवा संभाग के किसान धान की खेती जल्दी शुरू करने की अनुमति मिलने से काफी उत्साहित है लेकिन कृषि विभाग की ओर से अभी क्षेत्रफल का कोई आंकड़ा नहीं दिया गया है।
दिलचस्प तथ्य यह है कि लुधियाना स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) ने मार्च में राज्य सरकार को एक सिफारिश भेजी थी जिसमें मालवा बेल्ट के जिलों- मुक्तसर, फरीदकोट, मनसा, भटिंडा, फिरजोपुर एवं फाजिल्का में 20 जून से धान की रोपाई शुरू करवाने का सुझाव दिया गया था।
इसी तरह गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, तरन तारन, रूपनगर, एसएएस नगर तथा फतेहगढ़ साहिब जिलों में 23 जून से और होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, एसबीएस नगर, लुधियाना, मलेरकोटला, पटियाला, मोगा, संगरूर और बरनाला जिलों में 26 जून से धान की खेती आरंभ करने की अनुमति देने की सलाह दी गई थी।
लेकिन किसानों को खुश करने के लिए पंजाब बेल्ट में 1 जून से, अमृतसर संभाग में 5 जून से तथा लुधियाना संभाग में 9 जून से धान रोपने की स्वीकृति प्रदान कर दी।
