पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अवधि नहीं बढ़ेगी
13-Feb-2025 08:18 PM
नई दिल्ली । जी बिजनेस (ZEE BUISNESS) के अनुसार केन्द्रीय खाद्य उपभोक्ता मामले सार्वजनिक वितरण मंत्री ने कहा है कि सरकार पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा को 28 फरवरी 2025 से आगे नहीं बढ़ाएगी।
ज्ञात हो कि सरकार ने दिसम्बर 2023 में शुल्क मुक्त आयात की स्वीकृति दी थी और समय-समय पर इसकी अवधि बढ़ती रही।
खाद्य मंत्रालय ने अपनी टिप्पणी दे दी है और पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात पर रोक लगाने का निर्णय उच्च स्तरीय मंत्रिसमिति की बैठक में लिया जाएगा। केन्द्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में होने वाली मीटिंग के बाद ही सरकार का दृष्टिकोण सामने आएगा।
जी बिजनेस के मुताबिक 'दि पल्सेस कॉनक्लेव 2025' से इधर खाद्य मंत्री ने कहा था कि पीली मटर का शुल्क मुक्त आयात रोका जाएगा। इस बीच एक अग्रणी व्यापारिक संस्था- इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (आईपीजीए) के चेयरमैन ने कहा है कि किसानों के हित में सरकार पीली मटर के आयात पर नियंत्रण लगा सकती है।
उनका कहना था कि या तो इसके शुल्क मुक्त आयात पर पूरी तरह रोक लग सकती है या फिर आंशिक नियत्रण लगाया जा सकता है।
चेयरमैन के अनुसार वर्ष 2024 के दौरान भारत में लगभग 67 लाख टन दलहनों का रिकॉर्ड आयात हुआ जिसमें अकेले पीली मटर के आयात की भागीदारी 30 लाख टन के करीब रही।
प्रतिकूल मौसम एवं अन्य कारकों से पिछले साल दलहनों का घरेलू उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ और भाव उछलकर अत्यन्त ऊंचे स्तर पर पहुंच गया जिससे इसका आयात बढ़ाना आवश्यक हो गया लेकिन वर्ष 2025 में उतनी विशाल मात्रा में दलहनों के आयात की जररूत शायद नहीं पड़ेगी। चेयरमैन के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 55 लाख टन दलहनों के आयात का अनुमान लगाया गया है।
यदि पीली मटर का शुल्क मुक्त आयात किया गया तो वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान दलहनों का कुल आयात घट जाएगा। इस वर्ष घरेलू उत्पादन भी बेहतर होने के आसार हैं। पीली मटर पर 15-20 प्रतिशत का आयात शुल्क लगने की संभावना भी कुछ लोग व्यक्त कर रहे हैं।
