पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात पर अनिश्चितता बरकरार
28-May-2025 05:13 PM
नई दिल्ली। नवम्बर 2023 तक पीली मटर के आयात पर 50 प्रतिशत तक मौलिक सीमा शुल्क तथा कुछ अन्य कठोर गैर शुल्कीय नियंत्रण लागू था लेकिन घरेलू प्रभाग में दाल-दलहनों की आपूर्ति उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरकार ने दिसम्बर 2023 में न केवल पीली मटर के आयात को सीमा शुल्क से पूरी तरह मुक्त कर दिया बल्कि सभी शर्तों एवं नियंत्रणों को भी वापस ले लिया।
इसके शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा अब तक 7 बार बढ़ाई जा चुकी है। अंतिम बार इसे मार्च में बढ़ाया गया था जब इसकी अवधि 31 मई 2025 नियत की गई थी।
पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा समाप्त होने में महज 4 दिन शेष रह गए हैं। 27 मई तक सरकार ने इस समय सीमा को समाप्त करने या आगे बढ़ाने के बारे में कोई निर्णय नई घोषित किया और न ही कोई अधिसूचना जारी की।
आज यानी 28 मई को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की केन्द्रीय कैबिनेट समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें लिए गए निर्णय की जानकारी बाद में मिलेगी।
एक अग्रणी व्यापारिक संस्था- इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (आईपीजीए) के चेयरमैन के अनुसार दाल-दलहन बाजार पीली मटर के आयात पर सरकारी नीति का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
मार्केट में अभी अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। कनाडा और रूस के निर्यातकों का ध्यान भी भारत सरकार के निर्णय पर केन्द्रित है। यह देखना दिलचस्प होगा कि 1 जून से पीली मटर पर कोई आयात शुल्क लगता है या नही।
दाल-दलहन का घरेलू बाजार भाव अपने शीर्ष स्तर से घटकर काफी नीचे आ गया है जिससे उत्पादकों एवं कारोबारियों को नुकसान हो रहा है। खरीफ कालीन दलहन-फसलों की बिजाई भी लगभग शुरू हो चुकी है।
