पाम तेल का वैश्विक उत्पादन 12 लाख टन बढ़ने का अनुमान

26-Sep-2025 09:24 PM

मुम्बई। ग्लोब ऑयल इंडिया- 2025 सम्मिट में ऑयल वर्ल्ड द्वारा दिए आंकड़ों से प्राप्त होता है कि वर्ष 2025 की तुलना में 2026 के दौरान पाम तेल के वैश्विक उत्पादन में करीब 12 लाख टन का इजाफा हो सकता है।

मालूम हो कि ऑयल वर्ल्ड जर्मनी के हैम्बर्ग नगर से प्रकाशित होने वाला तिलहन-तेल विषय का एक विश्व प्रसिद्ध न्यूज लेटर है। उसके आंकड़े काफी सटीक होते हैं।

ऑयल वर्ल्ड के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान विश्व स्तर पर कुल 834.60 लाख टन पाम तेल का उत्पादन होने का अनुमान है जबकि वर्ष 2026 में उत्पादन बढ़कर 846 लाख टन पर पहुंच सकता है।

इसके तहत सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- इंडोनेशिया में पाम तेल का उत्पादन 490 लाख टन से बढ़कर 497 लाख टन तथा थाईलैंड में 34.80 लाख टन से सुधरकर 35.30 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है मगर दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- मलेशिया में पाम तेल का उत्पादन 194 लाख टन से गिरकर 192.50 लाख टन पर अटक जाने की संभावना है। 

इसके अलावा 2025 के मुकाबले 2026 में पाम तेल का उत्पादन सी एंड एस आमेर में 58.40 लाख टन से बढ़कर 61.90 लाख टन, अफ्रीका में 38.90 लाख टन से सुधरकर 40.10 लाख टन तथा दुनिया के अन्य देशों में 18.50 लाख टन से बढ़कर 19.20 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है। यह आरम्भिक उत्पादन अनुमान है जिसमें कुछ बदलाव हो सकता है। 

ऑयल वर्ल्ड के मुताबिक इससे पूर्व वर्ष 2024 में 791.20 लाख टन, वर्ष 2023 में 817 लाख टन तथा वर्ष 2022 में 794.50 लाख टन पाम तेल का वैश्विक उत्पादन हुआ था।

भारत पाम तेल का सबसे प्रमुख आयातक देश हैं जहां इंडोनेशिया, मलेशिया एवं थाईलैंड जैसे देशों से विशाल मात्रा में इसका वार्षिक आयात किया जाता है।