Home News

प्रमुख उत्पादक राज्यों में धान की खरीद के लक्ष्य में बदलाव

25-Sep-2026 12:00 PM

प्रमुख उत्पादक राज्यों में धान की खरीद के लक्ष्य में बदलाव

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने 1 अक्टूबर 2026 से औपचारिक तौर पर आरंभ होने वाले नए खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान देशभर में कुल 719.50 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है जो पिछले सीजन के लिए नियत लक्ष्य 720.50 लाख टन से 1 लाख टन कम है। गत वर्ष की तुलना में इस बार अधिकांश राज्यों में खरीद के लक्ष्य में बदलाव किया गया है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2025-26 के मुकाबले 2026-27 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के लिए धान की खरीद का लक्ष्य पंजाब में 173 लाख टन से बढ़ाकर 180 लाख टन, तमिलनाडु में 23.90 लाख टन से बढ़ाकर 28.30 लाख टन तथा आंध्र प्रदेश में 23.90 लाख टन से बढाकर 25 लाख टन निर्धारित किया गया है जबकि छत्तीसगढ़ में खरीद के लक्ष्य को गत वर्ष के 109 लाख टन पर ही बरकरार रखा गया है। 

दूसरी ओर केन्द्रीय पूल के लिए धान की खरीद का लक्ष्य उड़ीसा में 64.20 लाख टन से घटाकर 64 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 62.30 लाख टन से घटाकर 62 लाख टन, हरियाणा में 59.60 लाख टन से घटाकर 58 लाख टन, तेलंगाना में 58.90 लाख टन से घटाकर 57 लाख टन, मध्य प्रदेश में 47.80 लाख टन से घटाकर 46 लाख टन तथा बिहार में धान की खरीद का लक्ष्य 37.30 लाख टन से घटाकर 35 लाख टन नियत किया गया है। 

2025-26 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान पंजाब में 156.50 लाख टन, छत्तीसगढ़ में 141 लाख टन, उड़ीसा में 77.50 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 62.30 लाख टन, हरियाणा में 62.10 लाख टन एवं तेलंगाना में 71.80 लाख टन धान खरीदा गया था।