पेट्रोल-डीजल के दाम में हुई वृद्धि से महंगाई बढ़ने की आशंका
15-May-2026 04:14 PM
नई दिल्ली। भारतीय की सरकारी तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) इंडियन ऑयल कार्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने डीजल तथा पेट्रोल के दाम में 3 रुपए प्रति लीटर का इजाफा कर दिया है जिससे परिवहन (माल ढुलाई) खर्च में वृद्धि हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले 49 महीनों से पेट्रोल-डीजल का खुदरा मूल्य स्थिर बना हुआ था।
क्रूड खनिज तेल (पेट्रोलियम) के वैश्विक बाजार मूल्य में तेजी आने के बाद भारत में भी पेट्रोल-डीजल का दाम बढ़ना निश्चित माना जा रहा था। कुछ दिन पूर्व पेट्रोलियम मंत्री ने इसके संकेत भी दिए थे।
क्रूड खनिज तेल का भाव फरवरी में 69 डॉलर प्रति बैरल के आसपास चल रहा था जो अब बढ़कर 120 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया है। पश्चिम एशिया में जारी संकट तथा होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही में व्यवधान उत्पन्न होने के कारण पेट्रोल की आपूर्ति में बाधा पड़ रही है। डॉलर के मुकाबले रुपए का भारी अवमूल्यन होने से आयात खर्च और भी बढ़ गया है।
मार्च की तुलना में अप्रैल के दौरान थोक मूल्य सूचकांक एवं खुदरा मूल्य सूचकांक पर आधारित महंगाई की दर ऊंची रही जबकि मई में इसके और भी बढ़ने की संभावना है। जानकारों का कहना है कि डीजल-पेट्रोल के दाम में आगे और इजाफा किया जा सकता है जिससे महंगाई का ग्राफ ऊपर चढ़ सकता है। माल ढुलाई के लिए किराया भाड़ा में वृद्धि होने से सभी उत्पाद स्वाभाविक रूप से महंगे हो जाएंगे जिसका गंभीर खामियाजा कमजोर वर्ग के लोगों यानी उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ सकता है।
