रबी फसलों का रकबा 479 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा
09-Dec-2025 10:53 AM
नई दिल्ली। अनुकूल मौसम के सहारे रबी फसलों की बिजाई में अच्छी प्रगति देखी जा रही है और गेहूं, धान, दलहन, तिलहन तथा मोटे अनाजों का रकबा गत वर्ष से आगे चल रहा है। इस बार खासकर गेहूं की बिजाई में जबरदस्त इजाफा देखा जा रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय की नवीनतम साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार चालू वर्ष के दौरान 5 सितम्बर 2025 तक राष्ट्रीय स्तर पर रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 479 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समानअवधि के बिजाई क्षेत्र 451.10 लाख हेक्टेयर से 27.90 लाख हेक्टेयर अधिक है।
आधिकारिक आकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान गेहूं की बोआई में सर्वाधिक 23.6 लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई और इसका बिजाई क्षेत्र 217.8 लाख हेक्टेयर से उछलकर 241.40 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। इसी तरह धान का उत्पादन क्षेत्र 9.85 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 11 लाख हेक्टेयर, दलहन फसलों का क्षेत्रफल 105.80 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 106.20 लाख हेक्टेयर तथ मोटे अनाजों का रकबा 35.95 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 36.30 लाख हेक्टेयर हो गया। तिलहन फसलों का क्षेत्रफल 81.75 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 84.15 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।
दलहन फसलों में चना का उत्पादन क्षेत्र तो 75.15 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 77.85 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा लेकिन मसूर का बिजाई क्षेत्र 14 लाख हेक्टेयर से घटकर 13 लाख हेक्टेयर, मटर का क्षेत्रफल 7.85 लाख हेक्टेयर से गिरकर 7.20 लाख हेक्टेयर, कुल्थी का रकबा 1.65 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 1.40 लाख हेक्टेयर तथा खेसारी का बिजाई क्षेत्र 2.55 लाख हेक्टेयर से गिरकर 2.30 लाख हेक्टेयर पर अटक गया। मूंग की बिजाई भी कुछ पीछे है मगर उड़द का रकबा 1.65 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 1.85 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।
तिलहन फसलों का हाल भी कुछ ऐसा ही है। इसके तहत सरसों का उत्पादन क्षेत्र तो 76.45 लाख हेक्टेयर से उछलकर 79.90 लाख टन हेक्टेयर पर पहुंच गया और सैफ्लावर तथा सूरजमुखी के रकबे में भी कुछ बढ़ोत्तरी हुई लेकिन मूंगफली का बिजाई क्षेत्र 2.30 लाख हेक्टेयर से घटकर 1.80 लाख हेक्टेयर और अलसी का रकबा 2.05 लाख हेक्टेयर से गिरकर 1.25 लाख हेक्टेयर रह गया। तिल की बिजाई अभी शुरू ही हुई है।
मोटे अनाजों में ज्वार का बिजाई क्षेत्र 18.55 लाख हेक्टेयर से गिरकर 18.10 लाख हेक्टेयर रह गया लेकिन रागी का रकबा 45 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 65 हजार हेक्टेयर, मक्का का उत्पादन क्षेत्र 11.05 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 11.40 लाख हेक्टेयर तथा जौ का क्षेत्रफल 5.70 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 5.95 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। सभी रबी फसलों की जोरदार बिजाई अभी जारी है।
