रोहतक मंडी में बासमती धान की अच्छी आवक जारी

09-Dec-2025 12:05 PM

रोहतक। बासमती धान के एक प्रमुख उत्पादक राज्य हरियाणा की मंडियों में इस प्रीमियम क्वालिटी के धान की अच्छी आवक हो रही है और मिलर्स प्रोसेसर्स तथा निर्यातकों द्वारा इसकी खरीद में दिलचस्पी भी दिखाई जा रही है। हरियाणा की रोहतक मंडी में बासमती धान की आपूर्ति अब अंतिम चरण में पहुंच गई है वहां प्रतिदिन औसतन 6000 बोरी क्विंटल बासमती धान पहुंच रहा है। 7 दिसम्बर को आवक करीब 7500 बोरी दर्ज की गई। आधिकारिक आकड़ो के अनुसार मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान अब तक कुल मिलाकर 9,18,603 क्विंटल बासमती धान की आवक रोहतक की नई अनाज मंडी में हो चुकी है। जिसमें से 9,17,726 क्विंटल की खरीद हो गई और 8,93,706 क्विंटल का उठाव भी हो गया है। 

कलानौर मंडी में 1,68,615 क्विंटल बासमती धान की आवक हुई जिसमे से 1,63,221 क्विंटल की खरीद भी हो गई। इस खरीदे गए धान में से 1,16,456 क्विंटल का उठाव हो चूका है जबकि 5394 क्विंटल धान का अन बिका स्टॉक मौजूद है। 

आढ़तियों कहना है कि आपूर्ति एवं खरीदारों की सक्रियता से प्रतीत होता है कि अगले 10-12 दिनों में बासमती धान की खरीद की प्रक्रिया समाप्त हो सकती है। गत वर्षो की तुलना में इस बार स्थानीय मंडी में बासमती धान की अधिक आपूर्ति हुई है और पी आर धान भी ज्यादा है।