राजस्थान में 5504 टन के कुल ऑफर में से 4979 टन गेहूं की खरीद
19-Dec-2024 01:04 PM
जयपुर । खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत भारतीय खाद्य निगम द्वारा 18 दिसम्बर 2024 को आयोजित तीसरी साप्ताहिक ई-नीलामी के तहत कुल 5504 टन गेहूं की बिक्री का ऑफर दिया गया था जिसमें से 4979 टन की खरीद मिलर्स / प्रोसेसर्स द्वारा की गई।
इस खरीदे गए गेहूं का मूल्य 14,65,52,712 रुपए रहा। हालांकि सरकारी गेहूं का न्यूनतम आरक्षित मूल्य 2300-2320 रुपए प्रति क्विंटल ही नियत हुआ है अगर साप्ताहिक नीलामी में खरीदारों की बोली इससे काफी ऊपर रही।
इसमें सफल खरीदारों की न्यूनतम बोली 2721 रुपए प्रति क्विंटल एवं उच्चतम बोली 2982 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज की गई। गेहूं की अधिकांश मात्रा की खरीद 2800-2900 रुपए प्रति क्विंटल के मूल्य स्तर पर हुई।
सरकारी गेहूं की खरीद के प्रति मिलर्स / प्रोसेसर्स में जबरदस्त उत्साह एवं आकर्षण देखा जा रहा है क्योंकि थोक मंडियों में इसकी सीमित आवक हो रही है और कीमत भी ऊंचे स्तर पर चल रही है।
गेहूं की उच्चतम साप्ताहिक मात्रा 100 टन नियत हुई है। बड़े-बड़े मिलर्स- प्रोसेसर्स इस उच्चतम मात्रा तक गेहूं खरीदने के लिए बोली लगाते हैं और उसमें सफल भी होते हैं। छोटे मिलर्स 20 से 50 टन तक की खरीद कर रहे हैं।
ओएमएसएस के अंतर्गत दिसम्बर से सरकारी गेहूं की बिक्री के लिए ई-नीलामी राष्ट्रीय स्तर पर शुरू हुई थी। दूसरी नीलामी 11 दिसम्बर को तथा तीसरी नीलामी 18 दिसम्बर को आयोजित हुई।
सरकार ने इस माध्यम से मार्च 2025 तक की बिक्री के लिए 25 लाख टन गेहूं का स्टॉक आवंटित किया है। प्रत्येक सप्ताह कुल ऑफर के 98-99 प्रतिशत भाग तक गेहूं की खरीद हो रही है।
